केरल के कोच्चि में दो अमेरिकी नागरिकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों अमेरिकी नागरिकों पर प्रतिबंधित इलाके में ड्रोन उड़ाकर वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप है। उन पर एयरक्राफ्ट एक्ट और ड्रोन नियमों के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा गया है।
केरल के कोच्चि से एक अहम मामला सामने आया है, जहां सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर दो अमेरिकी पर्यटकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दरअसल, फोर्ट कोच्चि इलाके में स्थित कोस्ट गार्ड मुख्यालय के पास ड्रोन उड़ाना सख्त मना है, क्योंकि यह इलाका 'रेड जोन में आता है और यहां नौसेना व तटरक्षक बल की महत्वपूर्ण गतिविधियां होती हैं।
ड्रोन से वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे अमेरिकी नागरिक
पुलिस के मुताबिक, अमेरिका के कैलिफोर्निया से आए दो पर्यटक, केटी मिशेल फेल्प्स और क्रिस्टोफर रॉस हार्वे, शनिवार सुबह इस प्रतिबंधित इलाके में ड्रोन उड़ाकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद टूरिज्म पुलिस की नजर उन पर पड़ी और दोनों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। जांच में सामने आया कि दोनों पर्यटक के तौर पर घूमने आए थे और संभवतः उन्हें इस इलाके में ड्रोन उड़ाने पर लगे प्रतिबंध की जानकारी नहीं थी। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाता है।
विज्ञापन
एयरक्राफ्ट एक्ट और ड्रोन नियमों के तहत केस दर्ज
पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, एयरक्राफ्ट एक्ट और ड्रोन नियमों के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही उनका ड्रोन और लैपटॉप भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल, दोनों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया है, लेकिन उन्हें आगे की जांच के लिए पुलिस के सामने पेश होना होगा।
गौरतलब है कि फोर्ट कोच्चि एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, जहां कई बार पर्यटक अनजाने में नियम तोड़ देते हैं। लेकिन सुरक्षा एजेंसियां बार-बार यह चेतावनी देती हैं कि संवेदनशील इलाकों में ड्रोन उड़ाना कानूनन अपराध है और इससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है।