केरल में लोक कलाकार अब राहत की सांस ले सकते हैं, क्योंकि राज्य सरकार ने कोविड-19 महामारी के कारण राज्य के मंदिरों में उत्सव के आयोजन पर लगाई गई पाबंदी में अब ढील देने का फैसला किया है।
राज्य के देवस्वओम मंत्री कडाकमपल्ली सुरेंद्रन ने बताया कि त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड यानी टीडीबी द्वारा प्रबंधित मंदिरों में उत्सवों में पाबंदी को लेकर ढील दी जाएगी।
बता दें, मंदिरों के प्रबंधन के लिए टीडीबी केरल में सर्वोच्च संस्था है और इसके अंतर्गत 1200 से ज्यादा मंदिर आते हैं ।
मंत्री ने बताया कि कोविड-19 संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए मंदिर में कला की प्रस्तुति की जा सकती है। उन्होंने कहा कि संबंधित स्थानीय पुलिस की अनुमति लेकर और कोविड-19 संबंधी निर्देशों के साथ मंदिरों में लोककला की प्रस्तुति की जा सकती है। मंत्री ने कहा कि कलाकारों के विभिन्न संगठनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर यह फैसला किया गया।
बता दें, कोरोना के कारण देशभर के साथ ही केरल के मंदिरों में भी रोक लगाई गई थी, लेकिन लाॅकडाउन हटने के बाद से धीरे-धीरे मंदिरों को खोला जा रहा है। इसी माह केरल सरकार ने सबरीमाला स्थित भगवान अयप्पा के प्रसिद्ध मंदिर को वार्षिक मंडल मकरविलक्कू तीर्थयात्रा के लिए खोल दिया। अयप्पा मंदिर में अब रोज पांच हजार श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दे दी गई है।