केरल में एक पुलिस अफसर को आरएसएस कार्यकर्ता की संवेदनशील जानकारी सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) को लीक करने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। करीमन्नूर के सिविल पुलिस ऑफिसर पीके अनस को आंतरिक जांच के बाद आज सस्पेंड कर दिया गया। जांच में पाया गया था कि अनस ने पुलिस डाटाबेस से एक निजी चैट ग्रुप में सूचना लीक की थी।
विज्ञापन
तबादले के बाद किया निलंबित
पहले सीपीओ अनस का इडुक्की मुख्यालय में तबादला कर दिया गया था। लेकिन विस्तृत जांच के बाद आज उसे निलंबित कर दिया गया। एसडीपीआई कार्यकर्ताओं को दो दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। इन छह लोगों ने इडुक्की के थोडापुझा में एक बस कंडक्टर मधुसूदन पर हमला किया था।
फेसबुक पर सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील संदेश पोस्ट करने से नाराज एसडीपीआई कार्यकर्ताओं ने बस कंडक्टर पर हमला किया था। इसी बीच केरल पुलिस ने आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या के मामले में पलक्कड़ जिले से एक एसडीपीआई कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
जिला पुलिस प्रमुख आर विश्वनाथ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हत्या के मामले में सीधे तौर पर शामिल है। वह एसडीपीआई कार्यकर्ता है। इसी के साथ इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या छह तक पहुंच गई है। इनमें से दो पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के पदाधिकारी हैं। एसडीपीआई, पीएफआई का राजनीतिक विंग है जिसे कट्टर गतिविधियां चलाने के आरोप में प्रतिबंधित किया गया है।