हमास और इस्राइल का युद्ध जारी है। लगातार दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जमकर रॉकेट दाग रहे हैं। जिसके बाद से ही वहां फंसे भारतीय लोगों की सांसे अटकी हुई हैं। 7 अक्तूबर को इस्राइल पर हुए हमलों के बीच फंसे भारतीयों में से कुछ तीर्थयात्री मिस्र के रास्ते सकुशल देश लौट आया है। विषम परिस्थितियों से निकलकर अपने देश लौटने की खुशी उन लोगों के चेहरों पर साफ दिखाई दे रही है। देश लौटने के बाद उन्होंने भारतीय दूतावास की त्वरित प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद दिया। तीर्थयात्रियों का समूह गुरुवार सुबह भारत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गया।
वहां फंसे लोगों में से वापस लौंटे एक तीर्थयात्री ने कहा कि भारतीय दूतावास के त्वरित हस्तक्षेप के कारण वह समय पर अपने देश वापसी कर पाए हैं। साथ ही उन्होंने कहा यदि एक दिन भी देरी होती तो स्वभाविक है कि हम वहां फंस गए होते। हमारी जान बचाने के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद। हम मिस्र के जरिए भारत की जमीन पर लौंट आए हैं। इस्राइल में हुए हमले को बीच वहां फंसे तीर्थयात्री ने देश लौटकर कहा, शुरु में स्थिति समझ नहीं आई लेकिन रॉकेट की तेज आवाज के कारण आस-पास का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। अचानक हमें हमास के हमले के बारे में सूचना मिली।
भारतीयों के पंजीकरण के लिए दूतावास ने लिंक जारी किया
इस्राइल में भारतीय दूतावास की ओर से वहां रह रहे भारतीयों को सलाह दी गई है कि कि वे भारतीय दूतावास, तेल अवीव, इजराइल में अपना पंजीकरण कराएं। दूतावास के साथ पंजीकरण करने से उन्हें वे सुविधाएं प्रदान की की जा सकेंगी आपातकालीन स्थिति में जरूरी होंगी। दूतावास की ओर से कहा गया है कि पंजीकरण करने से हमारे ईमेल नेटवर्क के माध्यम से विभिन्न घटनाओं के बारे में जानकारी की उपलब्धता की सुविधा भी मिल सकेगी। पंजीकरण के लिए https://indembassyisrael.gov.in/whats?id=dwjwb लिंक जारी किया गया है।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए
इस्राइल में भारतीय दूतावास की ओर से 24x7 आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर, संपर्क नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की गई है। जो इस प्रकार है- +972-35226748 and +972-543278392 Email: cons1.telaviv@mea.gov.in
क्या है मामला?
बीते शनिवार को हमास ने गाजा पट्टी से इस्राइल पर पांच हजार रॉकेट दागे। साथ ही हमास के आतंकियों ने इस्राइल और गाजा की सरहदों पर लगे फेंसिंग को तबाह कर दिया है। जिसके बाद हमास के बंदूकधारियों ने शहर में जमकर खूनी खेल खेला। इस्राइल ने जवाबी कार्रवाई में हमास पर ताबड़तोड़ रॉकेट दागे। इस भयानकर युद्ध में दोनों पक्षों के सैंकड़ों लोगों की मौत हो गई है।