केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में केरल कैथोलिक रिफॉर्म मूवमेंट (केसीआरएम) के सदस्यों ने कैथोलिक काउंसिल के कैलेंडर को जला कर प्रदर्शन किया। इस कैलेंडर में दुष्कर्म के आरोपी पूर्व बिशप फ्रैंको मुलक्कल को दिखाया गया था। इसी के विरोध में केसीआरएम के सदस्यों ने कैलेंडर को आग के हवाले कर दिया।
यह कैलेंडर कैथोलिक काउंसिल की ओर से जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार कैलेंडर में मार्च महीने के पृष्ठ पर फ्रैंको मुलक्कल की तस्वीर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार चर्च का इस संबंध में कहना है कि उन्होंने फ्रैंको मुलक्कल की तस्वीर इसलिए लगाई क्योंकि अभी उनके खिलाफ आरोप सिद्ध नहीं हुए हैं।
फ्रैंको पर केरल की एक नन से कई बार दुष्कर्म करने का आरोप है। उसे साल 2018 में गिरफ्तार किया गया था। नन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि फ्रैंको ने साल 2014 से 2016 के दौरान कई बार उसका यौन उत्पीड़न किया था। हालांकि, फ्रैंको मुलक्कल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है।