"मां आपका वैवाहिक जीवन सुखमय हो।" केरल के कोल्लम के रहनेवाले गोकुल श्रीधर ने अपने फेसबुक पोस्ट को इस वाक्य से विराम दिया और यह देखते-देखते इंटरनेट पर वायरल हो गया। इस पोस्ट को पढ़कर लोगों का दिल भर आया। मलयालम में लिखी गई इस हृदय विदारक पोस्ट में, गोकुल ने अपनी मां को उनके दूसरे विवाह के लिए बधाई दी। गोकुल के इस पोस्ट से ऐसा लगता है कि उनकी मां ने अपनी पहली शादी में बहुत दुख झेले, जिसके बाद उन्होंने जीवन में आगे बढ़ने का फैसला किया।
गोकुल ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि उनकी मां को अपनी पहली शादी में शारीरिक हिंसा का शिकार होना पड़ा और यह सब उन्होंने अपने बेटे की परवरिश के लिए सहा। गोकुल एक अपराध बोध के साथ जी रहे थे क्योंकि उन्होंने महसूस किया कि उनकी मां ने उनके लिए कुर्बानी दी है। अब जब उनकी मां दूसरी शादी के बाद जीवन में फिर से व्यवस्थित और सुखी हैं, गोकुल संतुष्ट हैं और वे लिखते हैं कि इससे ज्यादा खुशी की बात कुछ और हो ही नहीं सकती है।
गोकुल ने अपनी पोस्ट में लिखा, "एक औरत जिसने अपनी जिंदगी मेरे लिए कुर्बान कर दी। उन्होंने एक तबाह कर देने वाली शादी में बहुत कुछ सहा। कई बार पिटाई के बाद उनके माथे से खून गिरते देखा। मैंने कई बार उनसे पूछा कि वह यह सब क्यों बर्दाश्त कर रही हैं। मुझे याद है कि वह मुझसे कहती थीं कि वह सब कुछ मेरे लिए सह सकती हैं, क्योंकि वह मेरी लिए जी रही हैं। मेरी मां ने अपनी पूरी जवानी मेरे लिए न्योछावर कर दी, अब उनके अपने बहुत सारे सपने हैं जिसे पूरा किया जाना है। मेरे पास कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। मैंने महसूस किया कि यह कुछ ऐसा है जिसे छुपाए रखने की जरूरत नहीं है। मां! आपका वैवाहिक जीवन सुखमय हो।"
गोकुल मां की दूसरी शादी के बारे में अपने जज्बात को जाहिर करने से पहले बहुत झिझक रहे थे। उन्होंने कहा, "मुझे ऐसा लगता था कि मेरे विचार को समाज के एक तबके में सही तरीके से नहीं लिया जाएगा।" उन्होंने लिखा कि हालांकि बहुत जल्द मुझे ऐसा लगा कि मुझे किसी से कुछ छुपाने की जरूरत नहीं है। इसकी बजाय उन्होंने, प्रतिगामी मानसिकता के साथ उनके पोस्ट को देखने वालों के लिए एक अस्वीकरण जारी किया।
गोकुल ने अपनी पोस्ट में लिखा, "यह मेरी मां की शादी थी। मैंने इस बारे में बहुत सोचा कि इस तरह के पोस्ट को लिखूं या नहीं। आखिरकार यह एक ऐसा समय है जब बहुत सारे लोग अभी भी दूसरी शादी को स्वीकार नहीं कर पाते हैं। जो लोग संदेह, दया और घृणा की दृष्टि से देखते हैं, कृपया यहां नहीं देखें। अगर आप देखते हैं, तो भी यहां कोई नहीं पिघलेगा।"
अपने पोस्ट में गोकुल ने अपनी मां और उनके दूसरे पति की एक तस्वीर भी साझा की।
गोकुल की यह पोस्ट कुछ देर में इंटरनेट पर वायरल हो गई। फेसबुक पर इस पोस्ट को अब तक 33,000 से ज्यादा लोगों ने पसंद किया और 3600 से ज्यादा बार शेयर किया गया। उनके पोस्ट पर तीन हजार से ज्यादा लोगों ने कमेंट किया है, जिसमें बहुत से सकारात्मक जवाब दिए गए हैं। एक कमेंट में लिखा गया, "इस समाज को और गोकुल की जरूरत है।"