केरल के पलक्कड़ जिले में पिछले साल नवंबर को आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या मामले की सीबीआई जांच हो सकती है। सोमवार को केरल उच्च न्यायालय ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि हत्या के कुछ पहलुओं की सीबीआई जांच कराए जाने की जरूरत है। उच्च न्यायालय ने कहा कि मामले में कुछ आरोपियों के राज्य के बाहर ठिकाने थे, इसलिए सीबीआई को इसकी जांच करने दी जाए।
न्यायमूर्ति के हरिपाल ने कहा कि हाल ही में राज्य के पुलिस प्रमुख ने भी मामले को लेकर कुछ चिंताएं व्यक्त की थीं, इसलिए सीबीआई भी मामले की जांच कर सकती है। दरअसल, अदालत मारे गए आरएसएस कार्यकर्ता की पत्नी की ओर से डाली गई याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इसमें मामले की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की गई है।
18 में से 17 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में राज्य सरकार ने मृतक की पत्नी की याचिका का अदालत में विरोध किया। राज्य सरकार ने कहा कि मामले की फाइनल रिपोर्ट लगभग तैयार है। 18 आरोपियों में से 17 को गिरफ्तार कर लिया गया है। सिर्फ एक आरोपी को गिरफ्तार किया जाना बाकी है। राज्य सरकार ने कहा कि मामले में वह 10 फरवरी तक अंतिम रिपोर्ट पे पेश कर देगी।
क्या है मामला
केरल के पलक्कड़ जिले में पिछले साल 15 नवंबर को आरएसएस कार्यकर्ता संजीत की हत्या कर दी गई थी। यह हत्या उस वक्त हुई, जब वह पत्नी के साथ कहीं जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने मामले में पीएफआई के एक अधिकारी समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था।