केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान
- फोटो : PTI
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब राज्यपाल और विजयन सरकार के बीच खींचतान जारी है। खबरों के मुताबिक मुलाकात रात करीब आठ बजे आरएसएस नेता के घर पर हुई।
राज्यपाल आरिफ खान के कार्यालय ने कहा कि राज्यपाल ने आरएसएस प्रमुख के साथ उनके आवास पर बैठक की। यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। यह बैठक पूर्व नियोजित थी। साथ ही राज्यपाल ने इसके बारे में मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।
सीएम पर लगाए गंभीर आरोप
पिछले महीने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने सीएम विजयन और कन्नूर विश्वविद्यालय के कुलपति पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि वह मुझे शारीरिक रूप से चोट पहुंचाने की साजिश में शामिल थे। साथ ही कुलपति पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह एक अपराधी हैं, वह राजनीतिक कारणों से कुलपति बने बैठे हैं, मुझे कुलपति ने वहां आमंत्रित किया था। जब मुझ पर हमला किया गया तो उनका कर्तव्य क्या था कि उनको पुलिस में सूचना नहीं देनी चाहिए थी? लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वामपंथी नेता एम वी गोविंदन ने आरोप लगाया कि खान का आचरण राज्यपाल के पद के अनुकूल नहीं था। वहीं, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने शुक्रवार को राज्य के विश्वविद्यालयों में नियुक्तियों में कथित भाई-भतीजावाद पर टिप्पणी के लिए खान को आड़े हाथ लिया था और उनके बयान को बेतुका बताया था।