केरल सोना तस्करी मामले में स्पेशल राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) कोर्ट ने आरोपी स्वप्ना सुरेश और संदीप नायर को 14 दिन की रिमांड पर भेज दिया है।
वे अब क्वारंटीन सेंटर जाएंगे। उनका टेस्ट का रिजल्ट कल आएगा। अगर उनका टेस्ट निगेटिव आता है, तो अदालत उनकी हिरासत पर विचार करेगी। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, स्वप्ना सुरेश, त्रिशूर जिले के एक क्वारंटीन सेंटर और संदीप नायर, अंगमाली में करुकुट्टी के एक क्वारंटीन सेंटर में जाएंगे।
बता दें कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने केरल हाईकोर्ट को बताया था कि राजनयिक के सामान के जरिए सोने की तस्करी करने की कोशिश करने वाली महिला स्वप्ना सुरेश के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एनआईए ने पीएमएलए के तहत स्वप्ना सुरेश, आर सरित कुमार, फाजिल फरीद व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इससे पहले केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शनिवार को कहा था कि सोना तस्करी मामले में मुख्य महिला आरोपी स्वप्ना सुरेश द्वारा एक सरकारी परियोजना में नियुक्ति हासिल करने के लिए दिए गए कथित फर्जी डिग्री प्रमाणपत्र को लेकर मिली शिकायत की जांच कराई जाएगी।