राज्य के 14 में से 11 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है और पर्यटकों को केरल से दूर रहने की सलाह दी गई है। केरल में शुक्रवार को 36.1 मिमी बारिश हुई जबकि 14.4 मिमी ही होनी चाहिए थी। इसका मतलब 150 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। 1 जून से अब तक 20 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है। अभी तक 1839.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है जबकि औसतन 1536.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी।
29 पहुंची मृतकों की संख्या
राज्य में मृतकों की संख्या 29 पहुंच गई है। इनमें से 25 की मौत भूस्खलन के कारण हुई है जबकि 4 की मौत डूबने से हुई। वहीं यहां के मशहूर पर्यटन स्थल मुन्नार में फंसे 54 पर्यटकों को सेना की मदद से बचा लिया गया है। इनमें से 20 विदेशी पर्यटक हैं। ये रूस, सऊदी अरब और ओनाम के रहने वाले हैं। फिलहाल सरकार ने पर्यटकों को केरल से दूर रहने को कहा है।
केरल के इडुक्की जिले में मुन्नार स्थित रिजॉर्ट में 50 से ज्यादा पर्यटक पिछले दो दिनों से फंसे हुये हैं, जिनमें 24 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। भारी बारिश के चलते हुये भूस्खलन की चपेट में आने से रिजॉर्ट जाने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि विदेशी पर्यटकों में रूस, सऊदी अरब और ओमान समेत कई देशों के पर्यटक शामिल हैं। केरल के पर्यटन मंत्री कदकम्पल्ली सुरेंद्रन ने कहा कि मुन्नार के पल्लीवासल में प्लम जुडी रिजॉर्ट के सभी पर्यटक सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सेना से सड़क को ठीक करने के लिए कहा है।