कोट्टायम में सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार को एक मरीज ने महिला डॉक्टर को कथित तौर पर अपशब्द कहे और उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि महिला डॉक्टर की शिकायत के अनुसार, बीजू पी जॉन नाम के व्यक्ति को 16-17 जून की दरम्यानी रात को अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया तो उसने कथित तौर पर उसको अपशब्द कहे और उस पर हमला करने की भी कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद महिला डॉक्टर द्वारा जांच किए जाने के बाद उसे निगरानी कक्ष में ले जाया गया और उसके हाथ-पैर बिस्तर से बांध दिए गए क्योंकि वह हिंसक हो रहा था। इसमें कहा गया है कि शनिवार सुबह जब डॉक्टर मरीजों की जांच करने के लिए अवलोकन कक्ष में गई, तो उसने उसके खिलाफ अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया और उसे जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पुलिस सहायता चौकी में शिकायत दर्ज कराई और जब जॉन को इसके बारे में पता चला तो वह वहां से फरार हो गया। बाद में सहायता चौकी से डॉक्टर की शिकायत गांधीनगर पुलिस को सौंप दी गई और डॉक्टर का बयान दर्ज किया गया। गांधीनगर पुलिस ने कहा कि उन्होंने फरार आरोपी को पकड़ने के लिए अपनी जांच तेज कर दी है।
यह घटना पिछले महीने राज्य के कोल्लम जिले के अस्पताल में एक मरीज द्वारा एक युवा महिला डॉक्टर वंदना दास की क्रूर हत्या की याद दिलाती है। आरोपी का सड़क पर एक स्टॉल के कुछ लोगों के साथ झगड़ा हुआ था और मारपीटी हुई थी, जिसके बाद पुलिस उसे अस्पताल लेकर आई थी।
घटना के बाद, मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों ने कहा कि डॉ दास की हत्या के बाद स्वास्थ्य पेशेवरों और श्रमिकों की सुरक्षा के संबंध में केरल के स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन को लागू नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसीलिए इस तरह की घटना हुई है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने कर्तव्यों का पालन करने में मुश्किल हो रही है क्योंकि उन्हें अक्सर रात में अकेले काम करना पड़ता है और सरकार उनकी सुरक्षा के लिए उसके द्वारा किए गए निर्णयों को लागू करने में असमर्थ रही है।