नए साल के साथ केरल सरकार एक जनवरी 2024 को के-स्मार्ट नामक एक अभूतपूर्व पहल की शुरुआत करने वाली है। सीएम पिनरई विजयन एक जनवरी को कलूर, कोच्चि में सुबह के साढ़े दस बजे प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना का उद्देश्य राज्य भर में स्थानीय स्व-सरकारी निकायों द्वारा दी जाने वाली सेवाओं तक डिजिटल पहुंच बनाना है।
इसका मतलब यह है कि अब नागरिक कार्यालय में आए बिना विभिन्न स्थानीय निकायों से सेवा प्राप्त कर सकते हैं। के-स्मार्ट एप आवेदनों और शिकायतों को ऑनलाइन जमा करने की अनुमति देकर प्रक्रिया को सरल बनाएगा। अब व्हाट्सएप, ईमेल और लॉग-इन के जरिए शिकायतकर्ताओं को रसीदें प्रदान की जाएंगी।
एक प्रेस कॉन्फेरेंस को संबोधित करते हुए स्थानीय स्वशासन मंत्री एमबी राजेश ने कहा कि के-स्मार्ट अपने 35 विभिन्न मॉड्यूल के साथ केरल में स्थानीय सेवाओं को आसान बनाएगा। इसमें जन्म, मृत्यु और शादी का पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, प्रोपर्टी टैक्स शामिल है। अब नागरिक एक वेब पोर्टल के माध्यम से केवल लॉग-इन और कुछ जानकारी देकर इन सेवाओं तक पहुंच सकते हैं। के-स्मार्ट के पहले चरण को निगमों और नगर पालिकाओं में शुरू किया जाएगा, इसके बाद इसे ग्राम पंचायत स्तर तक ले जाया जाएगा।