Kerala: मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि भूस्खलन पीड़ितों को वितरित की गई खाद्य सामग्री में कीड़े होने की खबरों के बाद मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने जांच का आदेश दिया है और तुरंत एक रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने शुक्रवार को वायनाड जिले के भूस्खलन पीड़ितों को वितरित की गई खाद्य सामग्री में कीड़े होने की खबरों की विजिलेंस जांच का आदेश दिया है और तुरंत एक जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा है। यह खाद्य सामग्री कथित तौर पर चूरालमाला-मुंडकाई के मेप्पाड़ी ग्राम पंचायत में पीड़ितों को वितरित की गई थी।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री कार्यालय ने क्या कहा
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा, खाद्य सामग्री में कीड़े होने की खबरों के बाद मुख्यमंत्री ने जांच का आदेश दिया है। विजयन ने तुरंत एक रिपोर्ट सौंपने को कहा है। बयान में कहा गया है कि घटना के बारे में मुख्य सचिव की ओर से मुख्य मंत्री को एक नोट दिया गया, जिसके बाद जांच का आदेश दिया गया।
डीवाईएफआई ने किया प्रदर्शन
जांच में यह पता लगाया जाएगा कि पंचायत ने पुराने भंडार से सामग्री का वितरण किया था या खाद्य सामग्री में किसी प्रकार की गड़बड़ी की गई थी। इस मामले में प्राथमिक जांच पहले ही की जा चुकी है। चूरालमाला-मुंडकाई के भूस्खलन पीड़ितों ने आरोप लगाया था कि उन्होंने मेप्पाड़ी ग्राम पंचायत की ओर से कीड़े वाली खाद्य सामग्री दी गई। जिसके बाद डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया।