केरल में कांग्रेस और सीपीआईएम में झड़प
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
केरल के अदूर में कांग्रेस और सीपीआई एम के युवा कार्यकर्ताओं के बीच बड़े पैमाने पर झड़प की खबर सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए। इनमें पलक्कड़ के पूर्व विधायक राहुल ममकूटथिल भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू), यूथ कांग्रेस, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, तनाव की शुरुआत शनिवार को अदूर के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में कॉलेज यूनियन चुनाव के बाद हुई। पुलिस ने बताया कि दिल्ली में सीपीआई एम नेताओं की हिरासत के विरोध में एसएफआई और डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं द्वारा अदूर में विरोध रैली निकालने के बाद स्थिति बिगड़ गई।
ये भी पढ़ें: 'हमारा लोकतंत्र सबसे मजबूत': विदेश मंत्रालय की दो टूक, मानवाधिकार संगठन की विश्वसनीयता पर भी उठाए सवाल
अधिकारियों ने क्या बताया?
अधिकारियों के मुताबिक, पहला मामला शाम करीब सात बजे विरोध रैली के दौरान एझमकुलम में एक मेडिकल स्टोर के सामने डीवाईएफआई और एसएफआई कार्यकर्ताओं द्वारा दो केएसयू नेताओं पर कथित हमले से जुड़ा है। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में सात एसएफआई और डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि दूसरे मामले में रात करीब 10.50 बजे अदूर जनरल अस्पताल में राहुल ममकूटथिल के नेतृत्व में केएसयू और यूथ कांग्रेस के लगभग 25 कार्यकर्ताओं के एक समूह ने कथित तौर पर दो एसएफआई कार्यकर्ताओं पर हमला किया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने ममकूटथिल और 26 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो यूथ कांग्रेस और केएसयू के कार्यकर्ता हैं।
तीसरा मामला रात करीब 11.30 बजे अदूर के एक निजी अस्पताल में एसएफआई कार्यकर्ताओं द्वारा यूथ कांग्रेस के एक कार्यकर्ता पर कथित हमले से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक यूथ कांग्रेस का कार्यकर्ता झड़प में घायल हुए एक केएसयू कार्यकर्ता से मिलने अस्पताल पहुंचा था। पुलिस ने बताया कि शनिवार रात अदूर के अन्य हिस्सों से भी मामूली झड़पों की खबरें मिलीं। उन्होंने कहा कि तनाव कम करने और आगे की झड़पों को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: तेलंगाना: काला जादू के शक में डीजल छिड़ककर मां को जिंदा जलाया, पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
कांग्रेस से सस्पेंड हैं पूर्व विधायक राहुल
बता दें कि पिछले साल यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद कांग्रेस ने राहुल ममकूटथिल को सस्पेंड कर दिया था, जो उस समय पलक्कड़ से विधायक थे। आरोपों के बाद उन्होंने यूथ कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया था। पुलिस के मुताबिक, उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के कई मामले दर्ज किए गए थे और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। हालांकि ममकूटथिल अभी कांग्रेस में किसी पद पर नहीं हैं, फिर भी वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार पोस्ट करके पार्टी के लिए अपना समर्थन जाहिर करते रहते हैं।