घर के अंदर से कोबरा का रेस्क्यू
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र केरल के वायनाड में एक 10 वर्षीय बच्ची को सांप के काटने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। आरोप हैं कि यहां सुल्तान बाथरी में एक पांचवीं कक्षा की छात्रा शेहला को सांप ने काट लिया था। मगर इसके बावजूद शिक्षक उसे अस्पताल ले जाने के बजाय पढ़ाता रहा। इस वजह से बच्ची की मौत हो गई।
शेहला के दोस्त ने शिक्षक पर आरोप लगाया कि सांप के डसने के बाद भी पढाते रहे। उसे एक घंटे बाद अस्पताल ले जाया गया। शिक्षक ने कहा कि बच्ची के पिता उसे अस्पताल ले जाएंगे। मगर जब तक उसके परिजन बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, उसका पूरा पैर नीला पड़ चुका था। कुछ टीवी चैनलों ने क्लास की इस घटना को दिखाया। यह घटना बुधवार को हुई।
राहुल गांधी ने इस संबंध में केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन को पत्र लिखकर बच्ची के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का निवेदन किया है। राहुल ने स्कूल की जर्जर हालत में भी सुधार की बात उठाई। उन्होंने अपने पत्र में लिखा, 'सुल्तान बाथेरी के सबसे पुराने हाई स्कूल, सर्वजन उच्च माध्यमिक स्कूल की जर्जर हालत में तुरंत सुधार की जरूरत है। उचित माहौल के अभाव से छात्रों और अभिभावकों का मनोबल टूटता है।'
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा है कि छात्रा की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही के आरोप में एक शिक्षक को निलंबित करने के साथ ही जांच ही बैठा दी गई है। वहीं मामले में शिक्षामंत्री ने भी रिपोर्ट तलब की है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर वहां मौजूद स्टाफ के साथ मारपीट की कोशिश की। तनाव के माहौल के देखते हुए स्कूल में पुलिस तैनात कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी। शिक्षा विभाग से उपचार में देरी पर रिपोर्ट तलब की है। वहीं मृतका के रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि स्कूल और अस्पताल जहां उसे पहले ले जाया गया वहां लापरवाही बरती गई। बाद में उसे कोझीकोड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।