आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ममता बनर्जी के समर्थन में खुलकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी देश के लोकतंत्र की सबसे कठिन और अहम लड़ाइयों में से एक लड़ रही हैं।
केजरीवाल की ममता से क्या बात हुई?
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने ममता बनर्जी से फोन पर बात की और उन्हें पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा।
केजरीवाल ने अपने पोस्ट में लिखा, अभी ममता दीदी से फोन पर बात हुई। उन्हें पूरा समर्थन और एकजुटता जताई। वह बेहद कठिन लड़ाई लड़ रही हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मोदी जी सभी संस्थाओं, यहां तक कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) का भी दुरुपयोग कर रहे हैं, इसके बावजूद वह हारेंगे।
ममता को रैली की नहीं मिली अनुमति
उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब एक दिन पहले चुनाव आयोग ने भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रस्तावित रैली को अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद टीएमसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
ममता ने क्या लगाया आरोप?
ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक मौजूदा मुख्यमंत्री होने के बावजूद उन्हें अपने ही विधानसभा क्षेत्र में रैली की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी की रैलियों को कुछ घंटों में मंजूरी मिल जाती है, लेकिन उनकी रैली को रोका गया। उन्होंने कहा कि मैं वहां फिर भी जाऊंगी, बैठूंगी और चाय पियूंगी। ममता का यह बयान भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के कॉलिन स्ट्रीट इलाके में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर आया।
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों पर होगा, जबकि दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। मतगणना 4 मई को होगी।
राज्य में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है, जहां सत्तारूढ़ टीएमसी लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में है, जबकि भाजपा सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी है।