नेशनल पार्टी बनने का सपना देख रही आम आदमी पार्टी को गोवा विधानसभा चुनाव में तगड़ा झटका लगा है। आप गोवा में एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं हो सकी। हमेशा से गोवा में एक दूसरे की धुर विरोधी रही कांग्रेस और भाजपा के बीच एक बार फिर टक्कर देखने को मिली।
दिल्ली की तर्ज पर आप ने गोवा में एल्विस गोम्स को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था। आईएएस अधिकारी रहे गोम्ज ने समय से पहले रिटायरमेंट लेकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा। एल्विस गोम्स कोनकोलिम विधानसभा क्षेत्र में चौथे स्थान पर रहे उन्हें 3437 वोट हासिल हुए।
आम आदमी पार्टी गोवा में पहली बार चुनाव लड़ रही थी। उसने यहां अपनी जड़ें जमाने की कोशिश की। कुल वोट के मामले में आप पांचवें स्थान पर रही। आप को कुल वोट में लगभग 6 प्रतिशत की हिस्सेदारी रही। गोवा में भाजपा को लगभक 32 प्रतिशत और कांग्रेस को लगभग 28 प्रतिशत वोट हासिल हुए। जो वोट आप को हासिल हुए उन वोटों ने भाजपा और कांग्रेस को अकेले दम पर सरकार बनाने का मौका नहीं दिया।
गोवा में आम आदमी पार्टी ने राज्य की सभी 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे। लेकिन दिल्ली की तरह मतदाताओं का विश्वास पाने में पूरी तरह असफल साबित हुई।