एक तरफ बेंगलुरू में मौजूद गड्ढों की वजह से दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है वहीं दूसरी तरफ कर्नाटक विधानसभा की तरफ से राज्य के विधायकों को सोने के बिस्किट देने का प्रस्ताव भेजा गया है। दरअसल कर्नाटक विधानसभा के 60 साल पूरे होने पर दो दिन का एक कार्यक्रम होना है।
25 और 26 अक्टूबर को होने वाले उस कार्यक्रम के लिए 27 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है। इसमें 13 ग्राम के 300 सोने के बिस्किट खरीदने हैं जिसपर कुल तीन करोड़ रुपए खर्च होंगे (पचास हजार का एक)। इसके साथ ही वहां काम करने वाले पांच हजार कर्मचारियों को चांदी की प्लेट देने का प्रस्ताव भी रखा गया है, एक प्लेट पांच हजार रुपए की आएगी।
कर्नाटक विधानसभा का ऐतिहासिक फैसला, 21 विधायकों की सैलरी रोकी
वहीं खबर सामने आने के बाद अब इस पर सफाई देने का दौर शुरू हो गया है। एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, इस प्रोग्राम की तैयारी कर रहे विधानसभा स्पीकर केबी कोलिवड ने सोने के बिस्किट के प्रस्ताव से इंकार किया है, लेकिन खबरों के मुताबिक ऐसा प्रस्ताव भेजा गया था जिसको वित्त मंत्रालय ने वापस भेज दिया।
कर्नाटक में इस वक्त कांग्रेस की सरकार है और सिद्धारमैया वहां के मुख्यमंत्री हैं। सोने के बिस्किट वाले प्रस्ताव के सामने आने के बाद भाजपा और जनता दल सेक्यूलर ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया है।