कर्नाटक में भाजपा और जेडीएस गठबंधन में मतभेद की खबरों के बीच कर्टनाक के केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी का बयान सामने आया है। उन्होंने मतभेद की खबरों को नकारते हुए कहा कि भाजपा और जेडीएस के गठबंधन में कोई दरार नहीं है।
कर्नाटक में भाजपा और जेडीएस के बीच गठबंधन में मतभेद की खबरों के बीच कर्नाटक के केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने मंगलवार को अपना रूख साफ कर दिया। उन्होंने मतभेद की खबरों को नकारते हुए कहा कि गठबंधन को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने स्वीकार किया कि दोनों दलों के नेताओं ने समन्वय समिति बनाने की जरूरत महसूस की है, लेकिन यह गठबंधन के लिए कोई खतरा नहीं है।
गठबंधन सुरक्षित और मजबूत है- कुमारस्वामी
जेडीएस नेता कुमारस्वामी ने आगे कहा कि गठबंधन सुरक्षित और मजबूत है, हम केवल अपने-अपने संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दे रहे हैं। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के जनआक्रोश यात्रा में जेडीएस का शामिल न होना कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का अभियान था, जिसका उद्देश्य अपने संगठन को मजबूत करना था और उन्हें इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया।
विरोधी यात्रा से गठबंधन में खटपट की अटकलें
गौरतलब है कि इससे पहले, जेडीएस के नेता सी बी सुरेश बाबू और निखिल कुमारस्वामी ने भाजपा द्वारा अपनी विरोधी यात्रा में जेडीएस को शामिल नहीं करने पर निराशा जताई थी और समन्वय समिति बनाने की मांग की थी। कर्नाटक में भाजपा और जेडीएस ने 2023 में गठबंधन किया और 2024 के लोकसभा चुनाव में संयुक्त रूप से भाग लेने का निर्णय लिया है।