रेवन्ना पर नकेल के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक के सीएम सिद्धरमैया को पत्र लिखकर प्रज्ज्वल यौन शोषण मामले की पीड़िताओं को हरसंभव मदद मुहैया कराने को कहा है। राहुल ने कहा, उन्हें हमदर्दी व एकजुटता की जरूरत है, क्योंकि वे न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं। यह सुनिश्चित करना सामूहिक कर्तव्य है कि जघन्य अपराध के लिए दोषी सभी पक्षों को सजा मिले।
कांग्रेस ने दबाया मामला : निर्मला
केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने दावा किया कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने जानकारी होने के बावजूद यौन शोषण के आरोपी प्रज्ज्वल के खिलाफ एक साल तक कार्रवाई नहीं की। कांग्रेस को डर था कि वह वोक्कालिगा वोट खो सकती है, इसलिए लोकसभा चुनाव का पहला चरण खत्म होने तक चुप रही। इसके बाद कार्रवाई की।
कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खरगे क्या बोले?
एचडी रेवन्ना को हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, एसआईटी मामले में जरूरी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई कानून के तहत की जा रही है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी ही चाहिए।
भाजपा के पास नैतिक बल नहीं
अरविंदर लवली के इस्तीफे के बाद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के अंतरिम अध्यक्ष बनाए गए देवेंद्र यादव ने सांसद प्रज्ज्वल और अश्लील वीडियो मामले में कहा, ऐसे शर्मनाक कृत्य करने वाले लोग सिस्टम में गहरी जड़ें जमा चुके हैं। उन्होंने कहा कि संसद तक पहुंचने के बाद इंसानियत को शर्मसार करने वाले ऐसे मामले दिखाते हैं कि भाजपा के पास कोई नैतिक बल नहीं है, जिसके आधार पर वे वोट की अपील कर सकें।
बेंगलुरु के केआर नगर पुलिस स्टेशन में एचडी रेवन्ना के खिलाफ दर्ज अपहरण के मामले में एसआईटी अधिकारियों की कार्रवाई पर कर्नाटक के कानून और संसदीय कार्य मंत्री एचके पाटिल ने कहा, कानून अपना काम कर रहा है। प्रज्ज्वल रेवन्ना को भारत वापस लाने के सवाल पर पाटिल ने कहा, सरकार अपने स्तर से हरसंभव प्रयास कर रही है।
भाजपा नेताओं के बयानों में विरोधाभास?
एचडी रेवन्ना के एसआईटी की गिरफ्त में जाने से पहले कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने उन दावों को खारिज कर दिया कि गठबंधन सहयोगी- जेडीएस के सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों की पूरी जानकारी थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा लोकसभा चुनाव में दोनों पार्टियों पर इस मुद्दे का कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। विजयेंद्र ने जोर देकर कहा कि उन्हें अब तक आरोपों के संबंध में कोई पत्र नहीं मिला है। ऐसे दावे हकीकत से कोसों दूर हैं।
गौरतलब है कि भाजपा नेता जी देवराजे गौड़ा ने दावा किया था कि उन्होंने दिसंबर 2023 में विजयेंद्र को एक पत्र लिखा था। बकौल देवराजे गौड़ा, उन्होंने सांसद प्रज्ज्वल से संबंधित कथित अश्लील वीडियो क्लिप के बारे में जानकारी दी थी। इसके अलावा उन्होंने आगाह किया था कि हासन से एनडीए उम्मीदवार के रूप में मैदान में प्रज्जवल को उतारे जाने पर भाजपा को शर्मिंदगी उठानी पड़ सकती है।