फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Revanna Case: एचडी रेवन्ना SIT की गिरफ्त में, महिला के अपहरण का आरोप; कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका खारिज

Sat, 04 May 2024 07:13 PM IST
मिथिलेश नौटियाल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

सार

Revanna Case: प्रज्ज्वल रेवन्ना के पिता एचडी रेवन्ना को एसआईटी ने हिरासत में लिया है। मैसूर में उनके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने महिला को एक फार्म हाउस में पाया है।
विज्ञापन
हिरासत में एचडी रेवन्ना - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक के बहुचर्चित पेन ड्राइव / अश्लील वीडियो मामले में जेडीएस सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना के यौन शोषण मामले में अंतरिम जमानत अर्जी खारिज होने के चंद मिनट बाद एसआईटी ने उनके विधायक पिता एचडी रेवन्ना को हिरासत में ले लिया। एचडी रेवन्ना को पीड़िता के अपहरण से जुड़े मामले में हिरासत में लिया गया। साथ ही, पुलिस ने अपहृत महिला को भी मैसूरू जिले के एक फार्महाउस से छुड़ा लिया। यह फार्म हाउस रेवन्ना के करीबी का है। एसआईटी ने हिरासत में लेने के बाद रेवन्ना का मेडिकल चेकअप भी कराया।

विज्ञापन

लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद कार्रवाई
इससे पहले, आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ शुक्रवार रात नया लुकआउट नोटिस जारी किया गया। एचडी के भी विदेश भागने की आशंका के बीच यह नोटिस जारी किया गया। बंगलूरू की जन-प्रतिनिधि अदालत के जस्टिस संतोष गजानन भट्ट की पीठ ने सेक्स स्कैंडल मामले में शनिवार शाम पिता-पुत्र की अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके तुरंत बाद, एसआईटी पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा के घर पहुंची और उनके बेटे एचडी रेवन्ना को हिरासत में ले लिया। एचडी व उनके विश्वासपात्र सतीश बबन्ना के खिलाफ मैसूरू में एक युवक ने अपनी मां के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। आरोप था, रेवन्ना के घर पर काम करने वाली उसकी मां का रेवन्ना पिता-पुत्र ने यौन शोषण किया था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद से महिला लापता है। इस मामले में बबन्ना पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।

कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बताया, एचडी रेवन्ना के भी विदेश भागने की आशंका के चलते दूसरा लुकआउट नोटिस जारी किया गया। पहला लुकआउट नोटिस एचडी व  प्रज्ज्वल के खिलाफ तब जारी हुआ था, जब उन्होंने एसआईटी के सामने पेश होने के लिए समय मांगा था।  
विज्ञापन


 प्रज्ज्वल के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर सकती है CBI 
इससे पहले मामले की जांच कर रही एसआईटी ने मुख्यंमत्री सिद्धारमैया को बताया था कि प्रज्ज्वल के खिलाफ सीबीआई ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर सकती है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने एसआईटी अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की थी, जिस दौरान उन्होंने प्रज्ज्वल रेवन्ना को गिरफ्तार करने के लिए तत्काल एक्शन लेने के लिए कहा। बैठक में एसआईटी के अधिकारियों ने सीएम को बताया कि रेवन्ना की गिरफ्तारी के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। एसआईटी ने कहा कि जैसे ही प्रज्ज्वल के एयरपोर्ट पहुंचने की जानकारी मिलेगी, उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसआईटी ने सीबीआई से अनुरोध किया है कि इस मामले में प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया जाए। जांच टीम ने उम्मीद जताई कि हासन सांसद के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने के बाद उनके ठिकानों के बारे में जानकारी हासिल हो सकती है।

27 अप्रैल को विदेश चले गए थे प्रज्ज्वल
खबर थी कि कर्नाटक में पहले चरण के मतदान के बाद प्रज्ज्वल रेवन्ना 27 अप्रैल को विदेश चले गए थे। उनके वकील ने एसआईटी के सामने पेश होने के लिए सात दिन का समय मांगा था, जिस पर जांच टीम ने जवाब दिया कि ऐसा संभव नहीं है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने एसआईटी को निर्देश दिया है कि प्रज्ज्वल को गिरफ्तार करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही इस मामले शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त से सख्त एक्शन लेने के लिए कहा गया है। 

विशेष अदालत से भी नहीं मिली राहत
मामले में अग्रिम जमानत की मांग करते हुए रेवन्ना ने निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए विशेष अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत द्वारा जमानत याचिका खारिज कर दी गई। रेवन्ना के वकीलों ने अदालत से वादा किया कि अगर जमानत याचिका मंजूर कर ली गई तो वह एसआईटी की पूछताछ में शामिल होंगे। उधर एसआईटी के वकील द्वारा जमानत याचिका पर आपत्ति जताई गई थी। शनिवार को पुलिस अधिकारियों ने मैसूर जिले के कालेनहल्ली गांव में तलाशी की, तो एक फार्महाउस से अपहृत महिला पाई गई। बताया गया है कि यह फार्महाउस रेवन्ना के एक सहयोगी का है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ गवाही देने से रोकने के लिए महिला का कथित तौर पर अपहरण किया गया था। एचडी रेवन्ना पर भारतीय दंड संहिता की धारा 364 (ए) (फिरौती के लिए अपहरण, आदि), 365 (किसी व्यक्ति को गुप्त रूप से और गलत तरीके से कैद करने के इरादे से अपहरण करना) और 34 (सामान्य इरादे को आगे बढ़ाने के लिए कई व्यक्तियों द्वारा किए गए कार्य) के तहत आरोप लगाया गया था। 

 

क्या है पूरा मामला?
पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के बेटे एचडी रेवन्ना और उनके विश्वासपात्र सतीश बबन्ना के खिलाफ एक महिला के अपहरण के आरोप में मैसूर में मामला दर्ज किया गया था। महिला के बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। बेटे ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक के बेटे प्रज्ज्वल रेवन्ना ने उसकी मां का यौन शोषण किया था। इस मामले में बबन्ना को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रज्ज्वल के खिलाफ गवाही देने से रोकने के लिए महिला का अपहरण किया गया था।

रेवन्ना पर नकेल के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक के सीएम सिद्धरमैया को पत्र लिखकर प्रज्ज्वल यौन शोषण मामले की पीड़िताओं को हरसंभव मदद मुहैया कराने को कहा है। राहुल ने कहा, उन्हें हमदर्दी व एकजुटता की जरूरत है, क्योंकि वे न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं। यह सुनिश्चित करना सामूहिक कर्तव्य है कि जघन्य अपराध के लिए दोषी सभी पक्षों को सजा मिले।

कांग्रेस ने दबाया मामला : निर्मला
केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने दावा किया कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने जानकारी होने के बावजूद यौन शोषण के आरोपी प्रज्ज्वल के खिलाफ एक साल तक कार्रवाई नहीं की। कांग्रेस को डर था कि वह वोक्कालिगा वोट खो सकती है, इसलिए लोकसभा चुनाव का पहला चरण खत्म होने तक चुप रही। इसके बाद कार्रवाई की।

कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खरगे क्या बोले?
एचडी रेवन्ना को हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, एसआईटी मामले में जरूरी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई कानून के तहत की जा रही है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी ही चाहिए।

भाजपा के पास नैतिक बल नहीं
अरविंदर लवली के इस्तीफे के बाद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के अंतरिम अध्यक्ष बनाए गए देवेंद्र यादव ने सांसद प्रज्ज्वल और अश्लील वीडियो मामले में कहा, ऐसे शर्मनाक कृत्य करने वाले लोग सिस्टम में गहरी जड़ें जमा चुके हैं। उन्होंने कहा कि संसद तक पहुंचने के बाद इंसानियत को शर्मसार करने वाले ऐसे मामले दिखाते हैं कि भाजपा के पास  कोई नैतिक बल नहीं है, जिसके आधार पर वे वोट की अपील कर सकें।
विज्ञापन

कर्नाटक सरकार के संसदीय कार्य मंत्री का बयान

बेंगलुरु के केआर नगर पुलिस स्टेशन में एचडी रेवन्ना के खिलाफ दर्ज अपहरण के मामले में एसआईटी अधिकारियों की कार्रवाई पर कर्नाटक के कानून और संसदीय कार्य मंत्री एचके पाटिल ने कहा, कानून अपना काम कर रहा है। प्रज्ज्वल रेवन्ना को भारत वापस लाने के सवाल पर पाटिल ने कहा, सरकार अपने स्तर से हरसंभव प्रयास कर रही है।
 

भाजपा नेताओं के बयानों में विरोधाभास?

एचडी रेवन्ना के एसआईटी की गिरफ्त में जाने से पहले कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने उन दावों को खारिज कर दिया कि गठबंधन सहयोगी- जेडीएस के सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों की पूरी जानकारी थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा लोकसभा चुनाव में दोनों पार्टियों पर इस मुद्दे का कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। विजयेंद्र ने जोर देकर कहा कि उन्हें अब तक आरोपों के संबंध में कोई पत्र नहीं मिला है। ऐसे दावे हकीकत से कोसों दूर हैं।


गौरतलब है कि भाजपा नेता जी देवराजे गौड़ा ने दावा किया था कि उन्होंने दिसंबर 2023 में विजयेंद्र को एक पत्र लिखा था। बकौल देवराजे गौड़ा, उन्होंने सांसद प्रज्ज्वल से संबंधित कथित अश्लील वीडियो क्लिप के बारे में जानकारी दी थी। इसके अलावा उन्होंने आगाह किया था कि हासन से एनडीए उम्मीदवार के रूप में मैदान में प्रज्जवल को उतारे जाने पर भाजपा को शर्मिंदगी उठानी पड़ सकती है।

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें