जेपी नड्डा ने सोमवार को भी विपक्ष को जमकर घेरा था। उन्होंने कहा कि देश में केवल भाजपा ही वैचारिक पृष्ठभूमि वाली और कैडर आधारित पार्टी है। बड़ी संख्या में हमारी पार्टी के पास ही समर्थक भी हैं। उन्होंने कहा था कि देश में कांग्रेस, शिवसेना सहित अन्य सभी राजनीतिक दल परिवारवादी या वंशवादी हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया। नड्डा ने कर्नाटक के विकास के लिए राज्य की जनता से फिर से डबल इंजन की सरकार चुनने की अपील की। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उनके नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए नड्डा ने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की राजनीति के तहत उन्होंने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) और कर्नाटक फोरम फॉर डिग्निटी (केएफडी) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले वापस लिए थे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस आती है तो समाज में बिखराव होता है। कांग्रेस आती है तो फूट डालो और राज करो की नीति अपनाती है। यह कांग्रेस की राजनीति की मूल विशेषता है। कांग्रेस जब भी सत्ता में आती है उसके साथ भ्रष्टाचार भी आता है। जब कांग्रेस आती है तो वोट बैंक की राजनीति होती है, जिसके तहत वे एक विशेष धर्म या समुदाय का हित साधते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर कोई भ्रष्टाचार से लड़ रहा है तो वह भाजपा और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई हैं। उन्होंने राज्य में लोकायुक्त बहाल करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अगर कोई भ्रष्टाचार को बढ़ावा देता है तो वह सिद्धारमैया हैं, जिन्होंने राज्य से लोकायुक्त संस्थान को उखाड़ फेंका। नड्डा ने कांग्रेस का दूसरा नाम 'भ्रष्टाचार और कमीशन' होने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस को 'तुष्टिकरण' और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने के लिए भी घेरा।
विज्ञापन
इससे पहले जेपी नड्डा ने सोमवार को भी विपक्ष को जमकर घेरा था। उन्होंने कहा कि देश में केवल भाजपा ही वैचारिक पृष्ठभूमि वाली और कैडर आधारित पार्टी है। बड़ी संख्या में हमारी पार्टी के पास ही समर्थक भी हैं। उन्होंने कहा था कि देश में कांग्रेस, शिवसेना सहित अन्य सभी राजनीतिक दल परिवारवादी या वंशवादी हैं। सिर्फ भाजपा ही खुद में एक परिवार है। नड्डा ने कहा था कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं। अपने राजनीतिक अनुभव से मैं कह सकता हूं कि देश में भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसकी वैचारिक पृष्ठभूमि है। जो कैडर आधारित (पार्टी) है। हमारे पास ही बड़ी संख्या में समर्थक हैं।