कर्नाटक पुलिस (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : पीटीआई
कर्नाटक में एक शाादी समारोह के दौरान हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप लगे हैं। इस मामले में दूल्हे और दुल्हन के परिजनों पर मामला दर्ज किया गया है। बंटवाल तालुक के वीतला पादनुरु गांव के निवासी चेतन की शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत में कहा गया कि तुलुनाडु क्षेत्र में आयोजित शादी में दूल्हे ने एक हिंदू उपदेवता ‘कोरगज्जा’ की तरह परिधान पहने थे। शिकायत में कहा गया कि मान्जेश्वर के पास उप्पल के निवासी बासित ने बंटवाल तालुक के कोलनाडु गांव के सलेथुर में अजीज के घर पर गुरुवार रात आयोजित विवाह समारोह में उपदेवता ‘कोरगज्जा’ की तरह वेशभूषा धारण की थी।
शिकायत के अनुसार, आरोपी अपने दोस्तों के साथ इस तरह नाचा, जिससे ‘कोरगज्जा’ का अपमान हुआ। दूल्हे ने डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने घटना के संबंध में भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। विश्व हिंदू परिषद के जिला सचिव शिवानंद मेंडन ने एक बयान में कहा कि आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
शहर के पूर्व महापौर और दक्षिण कन्नड़ जिला मुस्लिम संघ के अध्यक्ष के. अशरफ ने भी बासित और परिवार के अन्य सदस्यों के आचरण की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का बर्ताव मुस्लिमों की शादी में अपनाए जाने वाले नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि देवता की वेशभूषा पहनकर दूल्हे ने सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील एक इलाके में एक समुदाय की भावनाओं को आहत किया है।