कांग्रेस ने कर्नाटक के 17 विधायकों को अयोग्यता संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बुधवार को प्रदेश की बी एस येदियुरप्पा सरकार के नाजायज होने का आरोप लगाया और कहा कि इसे तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह सवाल भी किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी येदियुरप्पा सरकार को बर्खास्त करने और विधायकों की ऑपरेशन कमल की जांच का साहस दिखा पाएंगे?
उन्होंने ट्वीट कर दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय ने कर्नाटक में ऑपरेशन कमल के ढोल की पोल खोल दी। अब साफ है कि भाजपा ने जेडीएस-कांग्रेस की चुनी सरकार को जबरन गिराया था।
रणदीप सुरजेवाला ने यह मांग भी की जनमत और प्रजातांत्रिक मूल्यों की मांग है कि न केवल नाजायज येदियुरप्पा सरकार बर्खास्त हो पर विधायकों की धन बल के आधार पर खरीद कर चुनी हुई सरकार गिराने के भाजपाई षड्यंत्र की जांच हो।
कांग्रेस नेता ने कहा कि येदियुरप्पा टेप्स की जांच हो। ये सारा काला धन कहां से आया? भाजपा नेतृत्व की क्या भूमिका थी?
उन्होंने सवाल किया कि अब गेंद प्रधानमंत्री मोदी जी के पाले में है। क्या राजनीति की शुचिता की रोज दुहाई देने वाले मोदी जी अब नाजायज येदियुरप्पा सरकार को बर्खास्त करने का साहस दिखाएंगे? क्या ऑपरेशन कमल की निष्पक्ष जांच होगी? क्या येदियुरप्पा व अमित शाह की भूमिका की जांच होगी?