कर्नाटक सरकार में मंत्री आर अशोक ने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी कलह सबके सामने आ चुकी है, और इसी कलह को छिपाने के लिए कांग्रेस यह झूठी खबर फैला रही है कि मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को हटा दिया जाएगा।
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को पद हटाए जाने की अटकलों के बीच कैबिनेट मंत्री आर अशोक सामने आए हैं। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस अनावश्यक रूप से इस मुद्दे को उठा रही है। आर अशोक ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि अगला चुनाव बोम्मई के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
विज्ञापन
उन्होंने कांग्रेस को 2023 विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का नाम घोषित करने की चुनौती दी। दरअसल, कांग्रेस ने मंगलवार को बोम्मई को "कठपुतली मुख्यमंत्री" करार दिया था।
कलह छिपाने के लिए कांग्रेस फैला रही झूठी खबर
कर्नाटक सरकार में मंत्री आर अशोक ने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी कलह सबके सामने आ चुकी है, और इसी कलह को छिपाने के लिए कांग्रेस यह झूठी खबर फैला रही है कि मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को हटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा, देश में कांग्रेस का कोई आधार नहीं है, भाजपा के नेतृत्व और सीएम परिवर्तन के बारे में बोलने का उन्हें क्या अधिकार है?उन्होंने कहा, कांग्रेस अपनी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष तक नियुक्त नहीं कर पाई है और मुख्यमंत्री बदलने की बात कर रही है।
विज्ञापन
न सीएम बदलेंगे न प्रदेश अध्यक्ष
आर अशोक ने सवाल किया कि क्या गृहमंत्री या प्रधानमंत्री ने आपको सीएम बदलने के बारे में बताया है? उन्होंने कहा, कांग्रेस को पहले अपनी अंदरूनी कलह को साफ करना चाहिए। न तो कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदले जाएंगे और न ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील को बदला जाएगा।