कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (file photo)
- फोटो : एएनआई
कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने बुधवार को संकेत दिया कि राज्य सरकार दंगों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पर विचार कर रही है। जिस तरह दिल्ली में बुलडोजर से दंगाइयों से जुड़े अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया, उसी तरह की कार्रवाई कर्नाटक में भी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में वह मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से चर्चा करेंगे।
दंगों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी होगी
ज्ञानेंद्र ने हिंसा प्रभावित इलाकों में बुलडोजर के इस्तेमाल पर एक सवाल के जवाब में कहा कि हम इस बारे में सोच रहे हैं, मुख्यमंत्री ने भी कहा है कि ऐसा सोचा जा रहा है। हमें दंगों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी होगी। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी जिन्हें लगता है कि कानून और नियम उन पर लागू नहीं होते हैं। दिल्ली में जहांगीरपुरी के इलाकों में अतिक्रमण को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया था।
यूपी सरकार जैसे फैसले पर भी सीएम से होगी चर्चा
जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जयंती के जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, आगजनी और गोलीबारी हुई थी। झड़पों में आठ पुलिसकर्मी और एक स्थानीय निवासी घायल हो गया। एक सवाल के जवाब में कि क्या कर्नाटक सरकार उत्तर प्रदेश सरकार की तरह ही फैसला लेगी जहां प्रशासन ने बिना अनुमति के धार्मिक जुलूस नहीं निकालने का आदेश दिया है, गृह मंत्री ने कहा कि वह मुख्यमंत्री बोम्मई के साथ इस पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने कहा कि जब मेला या जुलूस निकलता है तो कुछ तत्व कहीं से भी पत्थर फेंक सकते हैं, जिससे शांति व्यवस्था में खलल पड़ सकता है। उत्तर प्रदेश ने एक फैसला लिया है। मैं इस पर मुख्यमंत्री से भी बात करूंगा। कुछ राज्यों में त्योहारों के दौरान हिंसा के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि बिना अनुमति के कोई भी धार्मिक जुलूस नहीं निकाला जाना चाहिए।
पथराव करने वाला मास्टरमाइंड हिरासत में
इस बीच हुबली में पथराव करने वाले मास्टरमाइंड वसीम पठान को हुबली पुलिस ने हिरासत में लिया है। वह फरार था। उसे मुंबई से पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया और उसे हुबली लाई। उसे जल्द ही अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।