कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने अपराधों में प्रवासी मजदूरों की बढ़ती संलिप्तता पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों से कर्नाटक आने वाले श्रमिकों को रोका नहीं जा सकता, लेकिन उनसे जुड़ी आपराधिक गतिविधियों पर ध्यान देने की जरूरत है। इस मुद्दे को लेकर वह श्रम मंत्री संतोष लाड के साथ गृह और श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक करेंगे और जरूरी कदम उठाएंगे। गृह मंत्री परमेश्वर का यह बयान हुबली में पांच वर्षीय बच्ची का कथित अपहरण और हत्या के संबंध में आया है।
जी परमेश्वर ने सोमवार को पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने से मजदूर बंगलूरू आ रहे हैं, क्योंकि यह तेजी से विकसित होता शहर है। कई मामलों में प्रवासी मजदूरों की अपराधों में संलिप्तता पाई गई है। हमें निश्चित रूप से इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। परमेश्वर ने कहा, 'मैं श्रम मंत्री और संबंधित अधिकारियों से चर्चा करूंगा और देखूंगा कि हम क्या कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: Hubballi Girl Death: कर्नाटक में बिहार का हत्यारोपी मुठभेड़ में मारा गया; सरकार बोली- कानून व्यवस्था का सवाल..
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हुई आरोपी की मौत
बता दें कि हुबली में रविवार को बिहार के पटना निवासी 35 वर्षीय रितेश कुमार ने पांच वर्षीय बच्ची का अपहरण करने के बाद हत्या कर दी थी। हालांकि, कुछ ही समय में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस जब उसे सबूत जुटाने के लिए उसके घर लेकर पहुंची तो आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उस पर गोली चलाई। पुलिस की गोलीबारी में वह घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। परमेश्वर ने बच्ची की अपहरण के बाद हत्या को भयावह घटना बताया। उन्होंने कहा कि मैंने तथ्यों को सामने लाने के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा जांच के आदेश दिए हैं।
केरल से बंगलूरू लाया जा रहा संदिग्ध: परमेश्वर
इस महीने की शुरुआत में सुड्डागुंटेपल्या में एक छात्रा से छेड़छाड़ के सिलसिले में एक संदिग्ध की गिरफ्तारी की गई है। इस संबंध में जब पत्रकारों ने गृह मंत्री से सवाल किया तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि उसे केरल में सुरक्षित रखा गया है और बंगलूरू लाया जा रहा है। आगे की जांच की जाएगी।
ये भी पढ़ें: Karnataka: कर्नाटक में OBC आरक्षण बढ़ाकर 51 फीसदी करने की सिफारिश, कुल कोटा हो सकता है 85%; इस बात का भी जिक्र
केरल के कोझिकोड में ट्रैक किया गया संदिग्ध
पुलिस के अनुसार, तीन अप्रैल को सुड्डागुंटेपल्या में सड़क पर चल रही कॉलेज छात्रा से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने वाला संदिग्ध 29 वर्षीय संतोष डी है। वह तिलकनगर के पास गुलबर्गा कॉलोनी का रहने वाला है और ब्रुकफील्ड के पास एक ऑटोमोबाइल शोरूम में ड्रावर था। एक सप्ताह की तलाशी के बाद, उसे केरल के कोझिकोड में ट्रैक किया गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज हुआ था वायरल
पुलिस के अनुसार, घटना तीन अप्रैल की सुबह 1.55 बजे हुई। इस कथित घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ था, जिसमें देखा गया कि दो महिलाएं सड़क पर चल री थीं। इस दौरान एक आदमी, जिसका चेहरा साफ नहीं दिख रहा, वह एक महिला को छूकर परेशान करने की कोशिश करता है। जब महिलाओं ने मदद के लिए शोर मचाया तो वह मौके से भाग गया।
संबंधित वीडियो