कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता और उनके नेतृत्व से डर गई है, इसलिए उनके मनोबल को गिराने के लिए ऐसे अनुचित बयान दिए जा रही है।
कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस बयान को पूरी तरह अनुचित बताते हुए कहा कि इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान परमेश्वर ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
विज्ञापन
मनोबल गिराने की कोशिश का लगाया आरोप
जी. परमेश्वर ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी को लेकर इस तरह की टिप्पणी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के फौलादी हौसलों को पस्त करने के मकसद से पहले भी ऐसे बयान दिए जा चुके हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि विपक्षी नेता चाहे जितनी भी बयानबाजी कर लें, राहुल गांधी हर प्रकार की परिस्थिति का सामना करने में सक्षम हैं और उन्हें रोका नहीं जा सकता। उनके अनुसार, इस तरह की बयानबाजी केवल राहुल गांधी के मनोबल को गिराने के लिए की जा रही है, लेकिन इससे किसी को कुछ हासिल नहीं होगा।
नेतृत्व और कार्यशैली पर कही ये बात
गृह मंत्री ने कहा कि यह साफ है कि पीयूष गोयल राहुल गांधी के नेतृत्व और उनकी कार्यशैली को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें हमेशा से राहुल गांधी के काम करने के तरीके से आपत्ति रही है, इसी वजह से वे इस तरह के अनुचित बयान दे रहे हैं। परमेश्वर ने जोर देकर कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी का प्रमुख चेहरा हैं और उन्होंने राजनीति को एक नई दिशा देने का काम किया है। ऐसी स्थिति में भाजपा नेताओं का उन पर टिप्पणी करना उनकी हताशा को दर्शाता है।
क्या है मामला?
बता दें कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को मीडिया वार्ता में राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि राहुल समेत पूरा गांधी परिवार कॉम्प्रोमाइज्ड है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि वह बहरी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं। जी. परमेश्वर ने राहुल गांधी को जनता का नेता बताते हुए कहा कि वे आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हैं और उनकी आवाज को राजनीति में जगह देते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस तरह से जनता के मुद्दों को उठा रहे हैं, उससे भाजपा का डरना लाजिमी है। गृह मंत्री के मुताबिक, राहुल गांधी एक मजबूत नेता के रूप में उभरे हैं, जिससे मुकाबला करने के बजाय भाजपा केवल व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा ले रही है।