कर्नाटक के गृहमंत्री जी. परमेश्वरा ने उन आरोपों को सिरे से खारिज किया है कि कन्नड़ फिल्म अभिनेता दर्शन थूगुदीपा और उनकी कथित प्रेमिका और सह कलाकार पवित्रा गौड़ा को पुलिस स्टेशन में कोई विशेष सुविधा मिल रही है। कन्नड अभिनेता और उनकी सह कलाकार एक शख्स की हत्या के मामले में जेल में बंद है। गृहमंत्री जी. परमेश्वरा ने कहा कि अभिनेता दर्शन थूगुदीपा को वहीं सुविधाएं मिल रही है, जो आम कैदियों को दी जाती है। उनको न तो बिरयानी और ना ही कोई खास सुविधाएं दी जा रही हैं।
दर्शन को मिल रही आम सुविधाएं- गृहमंत्री
कर्नाटक के गृहमंत्री ने आगे कहा कि मैं पुलिस को निर्देश दूंगा कि जनता के हित में सभी जरूरी कदम उठाएं, लेकिन हम उन्हें स्वतंत्र रूप से मामले की जांच करने देंगे। ये आरोप असत्य है कि पुलिस की तरफ से अभिनेता को बिरयानी और कोई विशेष सुविधाएं किसी आरोपी को दी जा रही हैं। ऐसा नहीं हो सकता हैं और ऐसा होना भी नहीं चाहिए। मीडिया रिपोर्टर्स और इन आरोपों को लेकर मैंने कमिश्नर से बातचीत की है, और अधिकारियों ने मुझे आश्वत किया कि ऐसी कोई सुविधा न दी जा रही है और न ही दी जाएगी। आम कैदियों की तरह ही उनको भी वहीं सुविधाएं मिल रही है।
अन्नपूर्णेश्वरी पुलिस स्टेशन के पास धारा-144 लागू
वहीं मीडिया के पूछे गए सवाल कि अन्नपूर्णेश्वरी नगर पुलिस स्टेशन के पास पुलिस ने काफी सख्ती कर रखी है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक की इलाके में स्कूल बस और एंबुलेंस की आवाजाही के साथ-साथ थाने में पासपोर्ट के सत्यापन पर रोक लगा दी गई है। इस पर गृहमंत्री जी. परमेश्वरा ने कहा कि मैं पुलिस को निर्देश दूंगा कि इस मामले में जो जरूरी कार्रवाई हो की जाए। बता दें कि पुलिस स्टेशन के 200 मीटर के दायरे में धारा-144 लागू की है और किसी भी तरह के जमावड़े पर रोक लगाई गई है। वहीं संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
क्यों की गई रेणुकास्वामी की हत्या?
अपने प्रशंसकों में चैलेंजिंग स्टार के नाम से मशहूर दर्शन थुगुदीपा और उनकी सह कलाकार प्रवित्रा गौड़ा को एक 33 वर्षीय रेणुकास्वामी नाम के शख्स की हत्या के मामले में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक चित्रदुर्ग शहर का रहने वाला मृतक रेणुकास्वामी अभिनेता दर्शन थुगुदीपा का प्रशंसक था। जिसने कथित रूप से पवित्रा गौड़ा के सोशल मीडिया अकाउंट पर अभिनेता और उनकी पत्नी के बीच चल रहे विवाद को लेकर टिप्पणी की थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रेणुकास्वामी पवित्रा गौड़ा के लिए सोशल मीडिया पर कई दिनों से काफी अपमानजनक टिप्पणी कर रहा था। इसी मामले में उसकी हत्या की गई है।