कर्नाटक के उडुपी से भाजपा विधायर के रघुपति भट ने कहा है कि हिजाब मामले के बड़ा विवाद बनने के बाद मेरे पास अज्ञात व्यक्तियों से धमकी भरे फोन कॉल आ रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को कहा था कि इनमें से अधिकतर इंटरनेट कॉल हैं जो विदेशों से आ रही हैं। भट उडुपी के पीयू कॉलेज की विकास समिति के अध्यक्ष भी हैं जहां से इस पूरे विवाद की शुरुआत हुई थी।
विज्ञापन
भाजपा विधायक ने कहा कि फोन करने वाले मुझे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जो मेरे लिए कोई नई बात नहीं है। मैंने बीते समय में इस तरह की बहुत सी धमकियों का सामना किया है और मैं इससे बिल्कुल डरा हुआ नहीं हूं। भट ने आगे कहा कि मेरे पास कुछ कॉल स्थानीय नंबरों से भी आए हैं और इसकी जानकारी मैंने राज्य के गृह मंत्री अरगा ज्ञानेंद्र को दे दी है।
उन्होंने दावा किया कि उडुपी का मुस्लिम समुदाय मेरे साथ है और इस मुद्दे पर जिले के काजियों ने मुझे अपना समर्थन दिया है। भट ने फिर से कहा कि उडुपी के पीयू कॉलेज में जो छह मुस्लिम छात्राएं कक्षा में हिजाब पहनकर जाने पर अड़ गई थीं, उन्हें कुछ तत्वों ने गुमराह किया था। उन्होंने कहा, मुझे मिल रहीं धमकियां यूनिफॉर्म व कॉलेज में अनुशासन को लेकर हैं।