कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में आरएसएस नेता प्रभाकर भट के खिलाफ कथित नफरत भरे भाषण को लेकर FIR दर्ज की गई है। यह मामला एक निजी कॉलेज के कार्यक्रम से जुड़ा है। भाषण का वीडियो यूट्यूब पर अपलोड होने के बाद विवाद बढ़ा। आइए इस पूरे मामले को विस्तार से समझते हैं।
कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में कथित नफरत भरे भाषण को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक नेता के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई मंगलुरु क्षेत्र के पुत्तूर टाउन पुलिस थाने में दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, एक निजी कॉलेज में हुए कार्यक्रम के दौरान दिए गए भाषण से साम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई।
आयोजक भी आरोपी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने न केवल भाषण देने वाले नेता, बल्कि कार्यक्रम के आयोजकों और संबंधित यूट्यूब चैनल को भी आरोपी बनाया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की उन धाराओं में दर्ज किया गया है, जो विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी फैलाने और सार्वजनिक शांति को नुकसान पहुंचाने से जुड़े अपराधों से संबंधित हैं। पुलिस का कहना है कि कानून के तहत सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।