सक्रिय राजनीति से संन्यास ले चुके कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा को भाजपा विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख बनाएगी। राज्य में लिंगायत वोट बैंक पर पकड़ बनाए रखने के लिए पार्टी नेतृत्व ने चुनाव में येदियुरप्पा के अनुभव का भरपूर लाभ उठाने का फैसला किया है। येदियुरप्पा कर्नाटक चुनाव में पार्टी के अहम चेहरों में शामिल रहेंगे।
गौरतलब है कि 80 वर्षीय येदियुरप्पा ने बीते दिनों सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी। पार्टी नेतृत्व के निर्देश के बाद येदियुरप्पा ने साल 2021 के मध्य में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि लिंगायत वोट बैंक में उनकी गहरी पैठ के मद्देनजर उन्हें पार्टी की सबसे ताकतवर इकाई संसदीय बोर्ड में शामिल किया था।
पीएम मोदी के बाद निभाएंगे सबसे अहम भूमिका
आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर लड़ेगी। चुनाव प्रचार समिति की कमान देने के बाद येदियुरप्पा पर ही चुनावी रणनीति बनाने का जिम्मा होगा। पूर्व सीएम ने बीते दिनों चुनाव नहीं लडने की घोषणा करते हुए यह भी कहा था कि वह पार्टी को जिताने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।