फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnataka Polls: गृहमंत्री शाह ने मंगलूरू में किया रोड शो, लोगों से की अपील- डबल इंजन की सरकार के लिए वोट करें

Sat, 29 Apr 2023 07:30 PM IST
देव कश्यप पीटीआई, उडुपी/मंगलुरु (कर्नाटक)

सार

उडुपी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने लोगों से अपील की कि कर्नाटक के लोगों को 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की रिवर्स गियर सरकार के बजाय भाजपा को वोट देकर राज्य में डबल इंजन की सरकार चुननी चाहिए। 
विज्ञापन
मंगलूरू में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रोड शो। - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को होने वाले मतदान के लिए सभी पार्टियों ने एड़ी-चोटी का जोर लगा रखा है। कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी का दौर भी चरम पर है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कर्नाटक के उडुपी में जनसभा को संबोधित किया और मंगलूरू में रोड शो किया। 

विज्ञापन


डबल इंजन वाली सरकार चुनने की अपील
अमित शाह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कर्नाटक के लोगों को 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की रिवर्स गियर सरकार के बजाय भाजपा को वोट देकर राज्य में डबल इंजन की सरकार चुननी चाहिए। उडुपी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने कर्नाटक में पिछले चार वर्षों के दौरान 2,26,418 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाएं लाईं, जबकि पिछली यूपीए सरकार ने अपने शासन के दौरान राज्य को केवल 99,000 करोड़ रुपये प्रदान किए थे।


शाह ने पीएफआई को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
उन्होंने कहा, कांग्रेस की रिवर्स गियर सरकार केवल कर्नाटक को उनके एटीएम राज्य के रूप में बदल देगी। भाजपा को समृद्धि, विकास और शांति सुनिश्चित करने के लिए सत्ता में आना होगा। शाह ने लोगों से कहा कि वे कांग्रेस पर भरोसा न करें, जिन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए सत्ता में रहते हुए पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने संगठन पर प्रतिबंध लगा दिया और उसके नेताओं को सलाखों के पीछे डाल दिया।

विज्ञापन


शाह ने कहा कि भाजपा की घोषित नीति चरमपंथी गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की है, जबकि कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान समाज को विभाजित करने का प्रयास किया। कांग्रेस द्वारा जारी 'गारंटी कार्ड' कर्नाटक में काम नहीं करेगा। उन्होंने कहा, कांग्रेस के अस्तित्व की गारंटी नहीं है। शासन के लिए उनके 'गारंटी कार्ड' पर कौन भरोसा करेगा। शाह ने आरोप लगाया, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण की राजनीति और परिवारवाद ही उनकी एकमात्र गारंटी है।

कांग्रेस को एक भी सीट नहीं देने का किया आग्रह
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोगों ने चुनाव के दौरान असम, त्रिपुरा, मणिपुर और उत्तर प्रदेश में जारी कांग्रेस गारंटी योजनाओं को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के लोग भी इसका पालन करेंगे। उन्होंने तटीय क्षेत्र के मतदाताओं से इस क्षेत्र में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं देने का आग्रह किया।

खरगे की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी को 'जहरीले सांप' की तरह बताने वाले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि कोई भी मोदी के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को बदनाम करने के ऐसे प्रयासों का विरोध किया जाना चाहिए।

राजनाथ सिंह का खरगे पर हमला
कर्नाटक में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी पर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी एक स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रणाली की परंपराओं को तोड़ रही है। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि अपने आप में एक संस्था हैं...जिस तरह से कांग्रेस के नेता पीएम पर व्यक्तिगत हमले कर रहे हैं, वे एक स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था की परंपराओं की धज्जियां उड़ा रहे हैं।

कर्नाटक की जनता को ‘एसएमएस’ से बचाना होगा : शिवराज
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कर्नाटक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की जनता को ‘एसएमएस’ से बचना होगा। यानी सिद्धारमैया-मल्लिकार्जुन खरगे-शिवकुमार। चौहान ने कहा कि राज्य को बचाने के लिए एसएमएस से दूरी जरूरी है और डबल इंजन की सरकार ही वहां स्थायित्व ला सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए ये तीनों एसएमएस खतरनाक हैं। जैसे एक करप्ट मैसेज मोबाइल को खराब कर देता है वैसे ही एसएमएस, ये करप्ट मैसेज कर्नाटक के भविष्य को तबाह और बर्बाद कर देगा। डबल इंजन की सरकार ही कर्नाटक को बचा सकती है। बता दें कि कर्नाटक विधानसभा की सभी 224 सीटों के लिए 10 मई 2023 को एक चरण में चुनाव होंगे और 13 मई को मतगणना होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें