कर्नाटक चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने 11 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की है। इससे साफ हो गया है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया दो जगह से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इस लिस्ट के मुताबिक सिद्धारमैया बदामी से भी चुनाव लड़ने जा रहे हैं। सिद्धारमैया डॉ देवराज पाटिल के स्थान पर इस बार यहां से चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ-साथ सीएम सिद्धारमैया चामुंडेश्वरी से भी चुनाव लड़ने वाले हैं। वहीं केपी चंद्रकला, एचएस चंद्र मौली के स्थान पर चुनाव लड़ेंगे, बता दें कि एचएस चंद्र मौली मेहुल चोकसी के वकील हैं।
सिद्धारमैया का समर्थन करते हुए पार्टी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि पीएम मोदी भी दो सीटों पर चुनाव लड़ चुके हैं। ऐसे में सिद्धारमैया का दो सीटों से चुनाव लड़ना कोई नई बात नहीं है। सिद्धारमैया ने ये फैसला पार्टी आलाकमान के निर्देश पर लिया है।
पहले कहा जा रहा था कि सिद्धारमैया चामुंडेश्वरी से चुनाव न लड़कर बादामी से अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। दरअसल बादामी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं ने सिद्धारमैया से मुलाकात कर सीट बदलने के लिए आग्रह किया था।
पार्टी नेताओं ने तर्क दिया था कि ऐसा करने से पार्टी को नॉर्थ कर्नाटक में जबरदस्त फायदा होगा। इसपर मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह पार्टी आलाकमान से इस बारे में चर्चा करेंगे और विचार विमर्श के बाद ही फैसला लिया जाएगा।
बता दें कि सिद्धारमैया चामुंडेश्वरी क्षेत्र से सात बार चुनाव लड़ चुके हैं और पांच बार जीत हासिल कर चुके हैं। भाजपा का 150 से ज्यादा सीटें कर्नाटक में 5 साल बाद सत्ता में वापसी के लिए कोशिश कर रही भाजपा ने येदियुरप्पा को अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया है। उन्हें शिकारीपुरा से उम्मीदवार बनाया गया है।
चुनाव में 150 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर उतर रही भाजपा ने प्रधानमंत्री और अमित शाह समेत अपने सभी स्टार प्रचारकों को कर्नाटक में प्रचार में लगाया है। कर्नाटक चुनाव के लिए कांग्रेस ने 218 उम्मीदवारों की लिस्ट पिछले रविवार को जारी कर दी थी। बता दें कि कि 224 विधानसभा सीटों के लिए 12 मई को चुनाव होंगे और परिणाम 15 मई को घोषित किए जाएंगे।