कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के गुस्से का शिकार हुई कर्नाटक की डीजीपी का ट्रांसफर कर दिया गया है।
ऑनलाइन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, समारोह स्थल तक सीएम ममता के पैदल पहुंचने पर राज्य की महिला डीजीपी नीलमणि राजू का ट्रांसफर कर दिया गया है। ममता समारोह स्थल की ट्रैफिक व्यवस्थाओं से नाखुश थीं।
दरअसल कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में लगभग सभी विपक्षी दलों के नेता कार्यक्रम में मौजूद रहे। लेकिन शपथ ग्रहण से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य की डीजीपी पर भड़क उठीं। वजह थी महज कुछ मीटर की दूरी तक पैदला चलना।
विधानसभा के बाहर समारोह में शामिल होने आए कई नेताओं की गाड़ियों की वजह दूर-दूर तक जाम जैसे हालात बन गए थे जिसकी वजह से ममता की कार समारोह स्थल तक नहीं पहुंच सकी।
सीएम ममता ने कुछ मीटर की दूरी पैदल ही तय की और मंच तक पहुंचीं। इस दौरान मंच पर खड़ीं महिला डीजीपी पर ममता का गुस्सा फूट पड़ा। जिसके बाद ममता को किसी तरह कुमारस्वामी और उनके पिता पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने हाथ जोड़कर शांत रहने की अपील करते हुए उनकी सीट पर बैठाया।
कर्नाटक में बुधवार को जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी दिग्गजों की उपस्थिति ने मिशन 2019 की तैयारियों की झलक पेश की। समारोह में 14 दलों की दिग्गज हस्तियों ने हिस्सा लिया।
शपथग्रहण समारोह में कांग्रेस-जेडीएस के अतिरिक्त एनसीपी, सपा, बसपा, टीडीपी, टीएमसी, टीआरएस, आप, सीपीएम, आरएलडी, डीएमके, मक्कल नीधि मैयम, आरजेडी के नेताओं ने उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान बसपा प्रमुख मायावती और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी एक दूसरे से बेहद गर्मजोशी से मिली।