मेकेदातु पदयात्रा को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को पेश होने के लिए एक समन जारी किया गया है। दूसरी ओर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान प्रियंका गांधी अभियान में हिस्सा लेंगी।
कर्नाटक के एक अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट ने विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को 24 मई को पेश होने का समन जारी किया है। यह कदम मेकेदातु पदयात्रा के दौरान नियमों के उल्लंघन से जुड़ा हुआ है।
विज्ञापन
उधर, कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार ने सोमवार को कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राज्य में समय बिताने और चुनाव अभियान में शामिल होने पर सहमति जताई है। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। अचानक दिल्ली आए शिवकुमार की यह यात्रा उनके और कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया के बीच मतभेद की चर्चाओं के बीच आई है। दोनों के बीच यह मतभेद आगामी एमएलसी चुनावों के लिए हाईकमान को संभावित उम्मीदवारों के नाम की सिफारिश को लेकर बताया जा रहा है।
शिवकुमार ने कहा कि मैं पार्टी के काम से दिल्ली आया हूं और उम्मीदवारों की अंतिम सूची आज शाम तक घोषित की जा सकती है। कर्नाटक विधानपरिषद की सात सीटों पर विधायकों के चयन के लिए तीन जून को चुनाव होना है। इसके लिए नामांकन की आखिरी तारीख 24 मई यानी कल है। लेकिन, अभी तक प्रदेश की तीनों बड़ी पार्टियों- कांग्रेस, भाजपा और जदएस ने अपने उम्मीदवारों का एलान नहीं किया है।
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव में राज्य आएंगी प्रियंका गांधी, राज्यसभा को लेकर नहीं हुई बात
राज्य के कई नेताओं की ओर से राज्यसभा चुनाव के लिए कर्नाटक से प्रियंका गांधी को उम्मीदवार बनाने के अनुरोध के सवाल पर शिवकुमार ने कहा कि सभी की यह इच्छा होती है कि उनका नेता उनके राज्य में आए लेकिन अभी इस पर कोई चर्चा नहीं की गई है। दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमने उनसे कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान वह राज्य में कुछ समय बिताए, जिस पर उन्होंने सहमति व्यक्त की है। वह चुनाव अभियान में भी शामिल होंगी। लेकिन,राज्यसभा के टिकट को लेकर कोई चर्चा नहीं की गई है।
प्रियंका के राज्यसभा चुनाव लड़ने से विधानसभा चुनाव में फायदा मिलने की उम्मीद
अटकलें लगाई जा रही थीं कि शिवकुमार समेत कर्नाटक कांग्रेस के नेताओं के एक समूह ने इच्छा जताई है कि प्रियंका गांधी 10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में प्रदेश से उम्मीदवारी पेश करें, क्योंकि उन्हें लगता है कि इसका फायदा पार्टी को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मिल सकता है। शिवकुमार ने हाल ही में कहा था कि पार्टी चाहती है कि प्रियंका दक्षिण पर ध्यान केंद्रित करें, जहां चुनाव होने वाले हैं।