कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने राज्य सरकार की ‘अन्न भाग्य योजना’ के तहत पांच किलोग्राम अतिरिक्त चावल के बदले नकदी के भुगतान की शुरुआत की। राज्य सरकार ने चुनावी गारंटी पूरी करने के लिए बड़ी मात्रा में चावल की खरीद में आने वाली मुश्किलों के चलते अतिरिक्त पांच किलोग्राम चावल के लिए 34 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से लाभार्थियों को नकदी के भुगतान का फैसला लिया था। यह योजना बीपीएल और अंत्योदय परिवार के प्रत्येक सदस्य पर लागू है।
इस दौरान सिद्धारमैया ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को अन्न भाग्य योजना के लिए सीधा नकद हस्तांतरण तब तक जारी रहेगा, जब तक हम चावल खरीद नहीं लेते। राज्य सरकार के मुताबिक कर्नाटक में 'अंत्योदय अन्न योजना और प्राथमिकता परिवार' के 1.28 करोड़ राशन कार्ड हैं। सरकार ने पिछले महीने सार्वजनिक परिवहन बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की शुरुआत करके पहली चुनावी गारंटी 'शक्ति' पूरी कर दी थी। वहीं घरों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की 'गृह ज्योति' योजना इस महीने की शुरुआत से ही लागू हो चुकी है, लेकिन इस महीने का बिजली बिल अगस्त की शुरुआत में आएगा।
सोनिया गांधी विपक्षी दलों की बैठक में भाग लेंगी!
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के 17 और 18 जुलाई को बेंगलुरु में विपक्षी दलों की अगली बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी अपने नेता राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में 12 जुलाई को यहां फ्रीडम पार्क में मौन विरोध प्रदर्शन करेगी।