कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने मंगलवार को कहा कि कर्नाटक उपचुनाव के नतीजे एक सबक हैं। कर्नाटक में मंगलवार को लोकसभा की तीन सीटों और विधानसभा की दो सीटों पर हुए मतदान में गठबंधन शानदार प्रदर्शन किया है । जिसमें लोकसभा सीट शिवमोगा पर भाजपा, मांड्या पर जेडीएस और बेल्लारी पर कांग्रेस को जीत मिली है। वहीं विधानसभा की दो सीटों जमखंडी पर कांग्रेस और रामनगर में जेडीएस को जीत मिली है।
भारी जीत मिलने से विपक्षी पार्टी गदगद है। जीत के बाद
पी चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा, 'यह उपचुनाव विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा खेले जाने वाली टेस्ट सीरिज के समान था। यह एक सीखने लायक सबक है। गठबंधन फायदेमंद साबित हुआ है।' जनता से मिले भारी जनादेश के बाद कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन में खुशी की लहर है।
कांग्रेस पार्टी ने अपनी खुशी ट्वीट करते हुए जाहिर की और लिखा, 'कर्नाटक उपचुनाव में कांग्रेस और जेडीएस को मिला प्रचंड बहुमत अगले साल होने वाले चुनाव से पहले का केवल एक टीजर है। इससे पता चल जाता है कि भाजपा के लिए जनता ने क्या छुपाकर रखा है।' जीत के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने जनता का धन्यवाद किया है।
एचडी कुमारस्वामी ने कहा, 'मैं राज्य के और केंद्र के कांग्रेस नेताओं को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं राज्य के जेडीएस नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने जीत में योगदान दिया। भाजपा ने कांग्रेस और जेडीएस के गठबंधन को अपवित्र मैत्री कहा था। आज यह बात गलत साबित हो गई है।'
कुमारस्वामी ने आगे कहा, 'यह चुनाव पहला कदम है। यहां 28 लोकसभा सीट हैं। हम कांग्रेस के साथ मिलकर काम करेंगे और सभी पर जीत दर्ज करेंगे। यही हमारा लक्ष्य है। चूंकी आज हमें जीत मिली है इसलिए यह खोखले दावे नहीं हैं। यह लोगों का हमपर विश्वास है। यह जीत हमें घमंडी नहीं बनाएगी।'