महिला दिवस के दिन एक महिला को बुरी तरह से डांटने पर भाजपा सांसद बुरी तरह से विवादों में घिर गए हैं। कांग्रेस ने भाजपा सांसद के इस रवैये की निंदा की है। कहा कि भाजपा और संघ के लोगों की सोच यही है।
कर्नाटक में भाजपा सांसद एस मुनिस्वामी विवादों में घिर गए हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन मुनिस्वामी कोलार जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने एक महिला के बिंदी न लगाने पर बुरी तरह से डांट दिया। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कांग्रेस ने भाजपा सांसद के इस रवैये पर आपत्ति जताई है।
विज्ञापन
दरअसल महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा सांसद अलग-अलग स्टॉल का मुआयना कर रहे थे। इस दौरान वह एक स्टॉल पर पहुंचे और वहां मौजूद महिला को देखकर भड़क गए। महिला वेंडर सांसद को अपने स्टॉल के बारे में बताना शुरू ही करती है कि वह उसपर चिल्लाने लगते हैं। गुस्से में भाजपा सांसद कहते हैं, 'पहले बिंदी लगाओ। तुम्हारा पति जीवित है.... है ना? तुम्हारे पास कोई कॉमनसेंस नहीं है क्या?'
कांग्रेस ने साधा निशाना
महिला दिवस के दिन एक महिला को बुरी तरह से डांटने पर भाजपा सांसद बुरी तरह से विवादों में घिर गए हैं। कांग्रेस ने भाजपा सांसद के इस रवैये की निंदा की है। कहा कि भाजपा और संघ के लोगों की सोच यही है। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा के अयातुल्लाओं के पास सड़कों पर गश्त करने वाली 'नैतिक पुलिस' का अपना संस्करण है।
विज्ञापन
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने लिखा, 'संघ के आगन में संस्कार की क्लास, जहां महिलाओं का नहीं है सम्मान। अंधभक्तों, अपने घर की मां, बहन, बेटियों को संघी संस्कार सीख दो-अपने ही किसी नेता के हाथों भरे बाजार में बेज्जती कराने से तो अच्छा ही है-बिंदी, मांग, मंगलसूत्र, चूड़ी, सर पर घूंघट और जो कुछ ही हो पहना कर भेजो-कायरों।'