कर्नाटक में एक व्यवसायी की मौत के मामले में राज्य के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अरविंद लिंबावली सहित छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, प्रदीप (47) रविवार शाम को यहां नेतिगेरे में अपनी कार में मृत मिले थे। इसके साथ ही एक सुसाइड नोट भी मिला था। इसमें महादेवपुरा के विधायक अरविंद लिंबावली और पांच अन्य लोगों के नाम हैं। कागलीपुरा थाने में प्रदीप की पत्नी की शिकायत पर एक मामला दर्ज किया गया है।
मामले में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। भविष्य में भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि प्रदीप ने कुछ लोगों के साथ मिलकर एक रिसॉर्ट परियोजना में लगभग 1.5 करोड़ रुपये का निवेश किया था, लेकिन बाद में उनके साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी की गई। लिंबावली ने उनके बीच समझौता कराने की कोशिश की थी और प्रदीप को उनका बकाया लौटाया जाना था, लेकिन प्रदीप को पूरा पैसा नहीं मिला।