कर्नाटक में होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने एमएलसी उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा ने चलुवादी नारायणस्वामी, हेमलता नायक, एस केशवप्रसाद, लक्ष्मणा सवदी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं शिक्षक कोटे से बसरराज होराट्टी को टिकट दिया है।
विज्ञापन
खास बात यह है कि पार्टी ने यहां पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र को टिकट नहीं दिया है। जबकि, विजयेंद्र वर्तमान में पार्टी के राज्य उपाध्यक्ष भी हैं। गौरतलब है कि राज्य में अगले साल मई से पहले चुनाव होने हैं। इससे पहले पिछले साल जुलाई में पार्टी ने येदियुरप्पा को हटाकर बसवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री बना दिया था।
राज्य कमेटी ने दिया था विजयेंद्र का नाम
कर्नाटक में विधान परिषद की सात सीटों के लिए तीन जून को चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा की राज्य इकाई ने पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र को मैदान में उतारने के लिए उनके नाम की सिफारिश की थी, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने इस सिफारिश को दरकिनार करते हुए विजयेंद्र को टिकट से वंचित कर दिया।
विज्ञापन
विजयेंद्र को बड़ी भूमिका दे सकता है नेतृत्व
पार्टी सूत्रों की मानें तो केंद्रीय नेतृत्व विधानसभा चुनाव से पहले विजयेंद्र को बड़ी भूमिका दे सकती है। उन्हें 2023 के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया जा सकता है। इसी के तहत पार्टी ने ऐसा फैसला किया। कुछ ऐसी भी खबरें थीं कि येदियुरप्पा अपने बेटे को एमएलसी बनाना चाहते थे। इसके बाद वे उन्हें बसवराज बोम्मई कैबिनेट में मंत्री बनाने पर जोर डालना चाहते थे।