कर्नाटक में बेलगाम लोकसभा क्षेत्र के अलावा बसावकल्याण और मास्की विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार (17 अप्रैल) को उपचुनाव हो रहे हैं। शुरुआती चार घंटे में तीनों सीटों पर क्रमश: 13.20, 19.48 तथा 19.30 फीसद मतदान हुआ। यह जानकारी चुनाव अधिकारियों ने दी। उन्होंने बताया कि सुबह सात बजे कोविड-19 के नियमों के अनुपालन के बीच मतदान शुरू हुआ, जो शाम सात बजे तक चलेगा।
बता दें कि इन तीनों ही निर्वाचन क्षेत्रों में 22,68,038 मतदाता हैं, जिनके लिए 3197 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन तीनों ही निर्वाचन क्षेत्रों में 30 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बेलगाम में दस, बसावकल्याण में 12 और मास्की में आठ प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों में चार महिलाएं हैं। मतगणना दो मई को होगी।
जानकारी के मुताबिक, बेलगाम लोकसभा सीट और बसावकल्याण विधानसभा सीटों पर क्रमश: केंद्रीय मंत्री केंद्रीय मंत्री सुरेश अंगाड़ी और विधायक बी नारायण राव के निधन के चलते उपचुनाव हो रहे हैं। बता दें कि पिछले साल कोविड-19 संक्रमण की वजह से दोनों नेता इस दुनिया को अलविदा कह गए थे। वहीं, मास्की विधानसभा क्षेत्र में विधायक प्रतापगौडा पाटिल को अयोग्य ठहराए के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है। वह 2018 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे और अब भाजपा में हैं।
सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस तीनों ही सीटों के लिए जद्दोजेहद कर रही हैं। जनता दल सेकुलर ने खुद को बसावकल्याण सीट तक ही सीमित रखा है। उसने मास्की और बेलगाम में प्रत्याशी नहीं उतारा।