कर्नाटक में एयरपोर्ट पर नमाज पढ़ते लोगों का कथित वीडियो वायरल।
- फोटो : X/VijayRPBJP
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में स्थित केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-2 पर कुछ लोगों के नमाज अदा करने का कथित वीडियो वायरल होने के बाद कर्नाटक में राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। विपक्षी दल भाजपा ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा है। वायरल वीडियो में कुछ मुस्लिमों को टर्मिनल-2 में नमाज पढ़ते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान पास खड़े सुरक्षा कर्मियों को यह घटनाक्रम देखते हुए दिखाया गया।
भाजपा की कर्नाटक इकाई के प्रवक्ता विजय प्रसाद ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और मंत्री प्रियांक खरगे से पूछा कि क्या नमाज अदा करने वालों ने सार्वजनिक स्थल पर ऐसा करने के लिए सरकार द्वारा हाल ही में बनाए गए नियमों के तहत कोई अनुमति ली थी। उन्होंने शनिवार देर रात ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-2 के अंदर यह कैसे अनुमति दी जा सकती है? क्या मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और मंत्री प्रियांक खरगे इस पर सहमत हैं?”