फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राम जन्मभूमि मामले में भी पक्षकार थे कमलेश तिवारी, ISIS की तर्ज पर हुई हत्या से उठे सवाल

Fri, 18 Oct 2019 08:43 PM IST
Harendra Chaudhary अमित शर्मा, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
कमलेश तिवारी की हत्या - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

हिंदू महासभा के पूर्व नेता कमलेश तिवारी की शुक्रवार को दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। उनकी हत्या लखनऊ के खुर्शीद बाग इलाके में उन्हीं के ऑफिस में गला रेतकर की गई। कमलेश तिवारी की हत्या ऐसे समय में की गई है, जब कुछ ही दिनों में सुप्रीम कोर्ट अयोध्या के राममंदिर केस में फैसला देने वाला है। कमलेश तिवारी भी राममंदिर केस में पक्षकार थे। उन्होंने वर्ष 2010 में हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर रहते हुए इस मामले में एक वाद दाखिल किया था। बाद में उन्होंने हिंदू समाज पार्टी नाम से एक राजनीतिक दल बना लिया था, लेकिन बावजूद इसके वे हिंदू समाज की आवाज के रुप में मुखर थे।

लग चुकी थी रासुका

कमलेश तिवारी अपने विवादित बयानों के कारण कई बार सुर्खियों में रहे थे। उन पर रासुका भी लगाई गई थी और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। एक धर्म विशेष पर टिप्पणी करने के कारण एक संगठन ने उनको जान से मारने की धमकी भी दी थी। जान से मारने की कई धमकियों के चलते उन्हें सुरक्षा भी मिली हुई थी। लेकिन हत्या के समय उनके सुरक्षा गार्ड उनके पास नहीं थे। यह जानकारी भी सामने आई है कि उन्होंने प्रदेश सरकार से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग भी की थी।    

आईएसआईएस की तर्ज पर हुई हत्या की हो जांच

हिंदू महासभा के नेता स्वामी चक्रपाणि ने अमर उजाला से बताया कि राममंदिर पर फैसला आने वाला है और ऐसे समय में एक पक्षकार की हत्या होना बेहद गंभीर मामला है। उनकी हत्या जिस तरह से की गई है, यह आईएसआईएस जैसे आतंकी संगठनों का तरीका है। केंद्र और यूपी सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी हर कोण से जांच करानी चाहिए, जिससे समाज का माहौल खराब न हो।

परिवार वालों को मिले सुरक्षा

विश्व हिंदू परिषद के नेता विजय शंकर तिवारी ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि हिंदू समाज के हितों की आवाज उठाने वाले एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर सभी अपराधियों को तत्काल कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने तिवारी के परिवार वालों की सुरक्षा और भरण-पोषण को भी निश्चित किये जाने की मांग की।  

सीसीटीवी फुटेज में दिखे बदमाश

बताया गया है कि कमलेश तिवारी लखनऊ के खुर्शीद बाग स्थित कार्यालय में कुछ लोग उनसे मिलने आए थे। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग उनके ऑफिस में आते हुए दिखाई पड़े हैं। बदमाशों ने कार्यालय में उनके साथ चाय भी पी है। उसके बाद उनकी गला रेतकर हत्या की गई। उनके गले और पेट में 15 चाकू के वार किये गए हैं। भागने के पहले बदमाशों ने उन्हें गोली भी मारी है।   

 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें