पहले दो मुकाबलों में भारत से मिली करारी शिकस्त के बाद दक्षिण अफ्रीका टीम की हिम्मत टूट गई है। दोनों ही मैच में भारत के शानदार खेल के आगे प्रोटियाज चारों खाने चित हो गई। ऐसे में दक्षिण अफ्रीकी टीम के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने टीम की किस्मत बदलने के लिए नईतरकीब निकाली है।
डु प्लेसिस रांची में शुरू होने वाले टेस्ट में टॉस करने के लिए अपनी जगह साथी खिलाड़ी को भेज सकते हैं। डु प्लेसिस, एशिया में लगातार नौ टॉस हार चुके हैं। इसलिए अपनी तकदीर को बदलने के लिए वह ऐसा कदम उठा सकते हैं।
इससे पहले पिछले दो टेस्ट में डु प्लेसिस दोनों टॉस हार गए थे। जिससे भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला और कोहली की सेना ने दक्षिण अफ्रीका के सामने विशाल सकोर बना दिया। जिससे कि अफ्रीकी टीम स्कोरबोर्ड का दबाव नहीं झेल पाई और दोनों मुकाबले बुरी तरह हार गई।
बताते चलें कि शनिवार सुबह रांची के झारखंड क्रिकेट एसोसिएसन स्टेडियम पर तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच खेला जाएगा। टीम इंडिया विशाखापट्टनम और पुणे टेस्ट जीतकर पहले ही सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है।