साउथ के सुपरस्टार कमल हासन ने राजनीति में एंट्री का ऐलान करने के बाद केंद्र की भाजपा सरकार से मुकाबला करने के लिए सभी दक्षिण राज्यों को एकजुट होने की अपील की है।
तमिल साप्ताहिक पत्रिका आनंद विकटन में हासन ने लिखा कि 'द्रविड़' समुदाय को सिर्फ
तमिलनाडु तक ही सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। केंद्र सरकार से मुकाबला करने के लिए दक्षिण भारत के सभी राज्यों को साथ आना होगा।
उन्होंने आगे कहा 'तमिलनाडु टैक्स देने के मामलें में टॉप राज्यों में शामिल है। लेकिन कुछ लोगों का मानना है कि केंद्र यहां से टैक्स लेकर उत्तर भारत के राज्यों का विकास करती है। लेकिन मेरा मानना है कि हमें एक परिवार की तरह काम करना चाहिए। अगर परिवार में बड़ा भाई ज्यादा कमाई करता है तो उसका फर्ज है कि वह बेरोजगार बैठे छोटे भाई का ख्याल रखे, लेकिन बड़े भाई के इस तरह सबका ख्याल रखने से उसे बेवकूफ नहीं समझना चाहिए।'
कमल हासन ने भी राजनीतिक पार्टी के नाम का ऐलान करने की तारीख घोषित की है। हासन ने अपनी पार्टी के नाम का ऐलान 21 फरवरी को करने का फैसला लिया है।
उन्होंने तमिलनाडु के रमंथपुरम में अपनी पार्टी के नाम का ऐलान करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही हासन प्रदेशभर का दौरा भी करेंगे। वह अपनी यात्रा रमंथपुर से शुरू करेंगे, जोकि उनका गृहक्षेत्र भी है, इसके बाद वह मदुरई, डिंडीगुल और सिवगंगई जाएंगे। इसके साथ ही कमल हासन आधिकारिक रूप से अपनी राजनीति की शुरुआत करेंगे, हासन ने पिछले वर्ष ही राजनीति में आने का इशारा कर दिया था।