डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली' के पोस्टर से उठा विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में टिप्पणी कर घिरीं सांसद महुआ मोइत्रा से अपनी ही टीएमसी ने किनारा कर लिया तो वह पार्टी से ही खफा हो गईं। मोइत्रा ने आज पहले टीएमसी का ट्विटर हैंडल अनफॉलो किया और फिर बयान देकर कहा-'मैं काली की उपासक हूं किसी से नहीं डरती।' उधर, भाजपा ने मोइत्रा के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर ममता की सांसद को गिरफ्तार करने की मांग की है।
मंगलवार को मां काली को लेकर विवादित टिप्पणी के बाद मोइत्रा ने बुधवार दोपहर ट्वीट कर कहा,'मैं एक काली उपासक हूं। मैं किसी चीज से नहीं डरती। आपके अज्ञान, आपके गुंडे, आपकी पुलिस और निश्चित रूप से आपके ट्रोल से भी नहीं डरती। सत्य को रक्षक बलों की जरूरत नहीं पड़ती। जय मां काली! बंगालियों की देवी पूजा निडर और बगैर पक्षपात के होते है।'
टीएमसी सांसद के खिलाफ केस दर्ज
इस बीच, मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार के निर्देश पर सांसद मोइत्रा के खिलाफ भोपाल में एफआईआर दर्ज की गई है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महुआ मोइत्रा के बयान से हिंदू धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है, हिंदू देवी देवताओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मोइत्रा के खिलाफ आईपीसी की धारा 295 A के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मोइत्रा ने मंगलवार को कहा था कि काली के कई रूप हैं। मेरे लिए काली का मतलब मांस और शराब स्वीकार करने वाली देवी है। इस बयान पर विवाद खड़ा हुआ तो पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की पार्टी ने उससे दूरी बना ली थी। इसे लेकर अब मोइत्रा टीएमसी से नाराज बताई जा रही हैं। हालांकि, मोइत्रा ने सीएम ममता बनर्जी के ट्विटर हैंडल से संपर्क कायम रखा है। वह उसे फॉलो कर रही हैं। बंगाल के कृष्णानगर से लोकसभा सदस्य मोइत्रा अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं, लेकिन इस बार मामला फंस गया है। मां काली पश्चिम बंगाल के लिए अत्यंत संवेदनशील मुद्दा है। उन्हें लेकर आपत्तिजनक बयानबाजी से टीएमसी को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए महुआ ने जैसे ही एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में उक्त फिल्म के पोस्टर को लेकर टिप्पणी की, तृणमूल कांग्रेस ने तुरंत उससे पल्ला झाड़ लिया।
विवादित डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली' लीना मणिमेकलई ने बनाई है। इसका पोस्टर जारी होते ही फिल्म विवाद में घिर गई। इस पोस्टर में मां काली को सिगरेट पीते दिखाया गया था। उनके एक हाथ में एलजीबीटी समुदाय का सतरंगी झंडा भी नजर आ रहा था।
तृणमूल ने की निंदा, कहा- निजी विचार
मोइत्रा के बयान पर तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि ये उनके निजी विचार हैं। पार्टी इनका समर्थन नहीं करती और वह इस तरह की टिप्पणियों की कड़ी निंदा करती है। हालांकि टीएमसी द्वारा नाराजगी जताने के बाद महुआ मोइत्रा ने भी ट्वीट कर सफाई दी थी। उन्होंने मंगलवार को इस विवाद के बाद कहा, 'आप सभी संघियों का झूठ आपको बेहतर हिंदू साबित नहीं कर सकता। मैंने कभी किसी फिल्म या पोस्टर का समर्थन नहीं किया या कहीं भी धूम्रपान शब्द का उल्लेख नहीं किया। मेरा सुझाव है कि आप तारापीठ में मेरी मां काली के पास जाएं, यह देखने के लिए कि भोग के रूप में उन्हें क्या खाना-पीना दिया जाता है। जय मां तारा।'
टीएमसी बच नहीं सकती, मोइत्रा को पार्टी से निकालें : भाजपा
उधर, पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा है कि बयान से किनारा कर टीएमसी बच नहीं सकती। यदि वह सच में उसका समर्थन नहीं करती तो मोइत्रा पर कार्रवाई करना चाहिए। उसे या तो पार्टी से निकाल देना चाहिए या निलंबित करना चाहिए।
कोलकाता के थाने में भाजपा ने की शिकायत
बंगाल भाजपा के नेता राजर्षि लाहिडी ने कोलकाता के रवींद्र सरोवर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि महुआ मोइत्रा ने जानबूझकर हमारे धर्म और धार्मिक मान्यता के बारे में यह बयान दिया।