फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोपाल भाजपा मुख्यालय में सिंधिया बोले: प्रदेश की जनता मेरी सबसे बड़ी पूंजी है

Thu, 12 Mar 2020 06:58 PM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
विज्ञापन
भाजपा में जाने के बाद पहली बार भोपाल पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया का समर्थकों ने इस तरह स्वागत किया। - फोटो : ANI
विज्ञापन

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय का नजारा गुरुवार को कुछ अलग था। यहां कांग्रेस छोड़कर बुधवार को पार्टी की सदस्यता लेने वाले नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत में समारोह आयोजित किया गया था।

विज्ञापन


भाजपा मुख्यालय में समर्थकों को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रदेश की जनता मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि  मेरे लिए आज भावुक दिन है। शिवराज न थकने वाले नेता हैं। प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और पार्टी का आशीर्वाद मेरे साथ है। पिछले 20 साल से जिस पार्टी में था उसे छोड़ा है उसे छोड़कर भाजपा का दामन थामा है।

सिंधिया ने कहा कि हमारे लिए पद और कुर्सी महत्वपूर्ण नहीं होना चाहिए। आज हम एकसाथ हैं। दल अलग हो सकते हैं, राजनीति अलग हो सकती है, मतभेद हो सकते हैं। पक्ष—विपक्ष में बैठकर मनभेद नहीं हो सकते हैं।
विज्ञापन


भाजपा मुख्यालय में माधवराव सिंधिया की तस्वीर
इधर, सबसे खास बात यह थी कि भाजपा कार्यालय में इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिता और कांग्रेस पार्टी के दिवंगत नेता माधवराव सिंधिया के एक चित्र को स्थान दिया गया था। ज्योतिरादित्य इस समारोह में भगवा पोशाक पहन शामिल हुए। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को काफी चहल-पहल रही। ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत के लिए इसे सजाया गया था।

इस दौरान सिंधिया के दिवंगत पिता और कांग्रेसी नेता माधवराव सिंधिया का एक चित्र राजमाता विजया राजे सिंधिया के साथ लगाया गया था। बता दें कि ज्योतिरादित्य सिंधिया की दादी 'राजमाता' विजया राजे सिंधिया वर्ष 1980 में भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल थीं।

माधवराव सिंधिया का साल 2001 में एक विमान हादसे में निधन हो गया था। वह एक समय में भारतीय जन संघ से जुड़े रहे थे, यह जनसंघ आगे चलकर भारतीय जनता पार्टी बना। हालांकि माधवराव सिंधिया ने अपने राजनीतिक जीवन का अधिकांश समय कांग्रेस पार्टी को आगे बढ़ाने में लगाया।

ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार दोपहर राजा भोज हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता नरेंद्र सिंह तोमर के साथ विशेष विमान से उतरे थे। हवाई अड्डे से सिंधिया भोपाल के अरेरा कॉलोनी स्थित भाजपा कार्यालय दीनदयाल परिसर जाने के लिए समर्थकों की रैली के साथ रवाना हुए।

पार्टी कार्यालय में कांग्रेस के पूर्व दिवंगत नेता का चित्र लगाए जाने के बारे में पूछने पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि माधवराव जी ने जनसंघ से अपनी राजनीति शुरू की। अब उनके पुत्र वापस अपने पिता के रास्ते और विचारधारा पर लौट आए हैं। यह उनके जीवन का बहुत ही महत्वपूर्ण पल है। 

माधवराव सिंधिया ने 1977 में भारतीय जनसंघ छोड़ दिया था। उन्होंने 1980 में कांग्रेस में शामिल होने से पहले 1977 में गुना-शिवपुरी से लोकसभा चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़ा था।

वहीं  ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने पिता के आकस्मिक निधन के बाद 31 साल की उम्र में राजनीति में आ गए थे। उन्होंने 2002 में अपने घरेलू मैदान गुना से पहला लोकसभा चुनाव लड़ा और जीता।
विज्ञापन


बता दें कि बुधवार को भाजपा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में नामित किया।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें