सिंधिया ने कहा, इस क्षेत्र से जुड़े सभी पक्षों के राजस्व हितों को देखते हुए यातायात क्षमता और किराये की एक निश्चित सीमा तय की गई है, ताकि सभी को इसका लाभ मिल सके। सभी एअरलाइंस कंपनियों को 18 अक्तूबर, 2021 से पूरी क्षमता के साथ संचालन की अनुमति दे दी गई थी।
नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, अगले दो माह में घरेलू विमानों की उड़ानें एक बार फिर से कोरोना पूर्व की स्थिति में पहुंचने की उम्मीद है। सिंधिया ने देश के नागर विमानन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए राज्यों से हवाई जहाज के ईंधन पर कर घटाने की अपील की है।
विज्ञापन
रविवार को अखिल भारतीय प्रबंधन एसोसिएशन के एक कार्यक्रम में सिंधिया ने यह बात कही। उन्होंने कहा, कोविड-19 के पहले दैनिक रूप से करीब चार लाख यात्री हवाई जहाज से यात्रा करते थे। कोरोना की दूसरी लहर के बाद यात्रियों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई थी, लेकिन फिर ओमिक्रॉन के आने से इसमें गिरावट देखी गई।
सिंधिया ने कहा, इस क्षेत्र से जुड़े सभी पक्षों के राजस्व हितों को देखते हुए यातायात क्षमता और किराये की एक निश्चित सीमा तय की गई है, ताकि सभी को इसका लाभ मिल सके। सभी एअरलाइंस कंपनियों को 18 अक्तूबर, 2021 से पूरी क्षमता के साथ संचालन की अनुमति दे दी गई थी।
ओमिक्रॉन से लगा झटका
पिछले साल नवंबर, दिसंबर से दैनिक यात्रियों की संख्या 3.8 से 3.9 लाख तक पहुंचने लगी थी। दैनिक यात्रियों के हिसाब से कोरोना से पूर्व वाली स्थिति बहाल हो रही थी, लेकिन ओमिक्रॉन की वजह से इसमें एक बार फिर से गिरावट आई। दैनिक यात्रियों की संख्या गिरकर 1.6 लाख के आसपास रह गई थी। उन्होंने कहा, सब कुछ सामान्य रहा तो अगले दो महीनों में फिर से दैनिक यात्रियों की संख्या कोरोना से पूर्व के स्तर पर पहुंच जाएगी।