हैदराबाद में हुए दो बम धमाके मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी की स्पेशल अदालत ने फैसले को 4 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दिया है। पहले इस मामले पर फैसला आज आने वाला था। ये धमाके आज से 11 साल पहले गोकुल चाट और लुंबिनी पार्क में हुए थे। जिसमें 42 लोगों की मौत हो गई थी और 50 लोग घायल हुए थे।
इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चल रहा था जिसे इसी साल जून में नामपल्ली अदालत परिसर से चेरलापल्ली केंद्रीय परिसर की एक अदालत में स्थानांतरित किया गया। मामले पर सत्र न्यायाधीश ने 7 अगस्त को दोनों पक्षों की दलीलें सुनी थीं और फैसले के लिए 27 अगस्त की तारीख रखी थी।
शनिवार को ही धमाके में मारे गए और घायल हुए लोगों के परिवार ने इसकी 11वीं बरसी मनाई है। यब बम धमाके 25 अगस्त 2007 को हुए थे। मामले की जांच तेलंगाना पुलिस की काउंटर एजेंसी (सीआई) ने की थी। जिसके बाद एजेंसी ने आरोपियों के खिलाफ तीन आरोप पत्र दायर किए। बता दें कि जिन लोगों को इस मामले में आरोपी बताया गया है उनमें से कुछ अभी भी फरार हैं।